
रांची : नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर उच्चस्तरीय समीक्षा, ई-साक्ष्य ऐप के उपयोग और वैज्ञानिक जांच पर दिया गया जोर
नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर उच्चस्तरीय समीक्षा, ई-साक्ष्य ऐप के उपयोग और वैज्ञानिक जांच पर दिया गया जोर
रांची (झारखंड)। आज निष्ठा तिवारी, संयुक्त सचिव (आंतरिक सुरक्षा-II), गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा तदाशा मिश्र, महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखण्ड की संयुक्त अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय सभागार, रांची में नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नवीन आपराधिक कानूनों— भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम—के विभिन्न प्रावधानों के अनुपालन की समीक्षा की गई। साथ ही अनुसंधान में साक्ष्य संकलन हेतु ई-साक्ष्य ऐप के सही एवं प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
संयुक्त सचिव श्रीमती निष्ठा तिवारी ने जिलों द्वारा ई-साक्ष्य ऐप के उपयोग में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की तथा निर्देश दिया कि नवीन कानूनों के अनुरूप सभी कांडों का अनुसंधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने वैज्ञानिक जांच को प्राथमिकता देते हुए फॉरेंसिक टीम की सहायता लेने पर भी जोर दिया।
बैठक में साइबर क्राइम, काउंटर टेररिज्म, ड्रग कंट्रोल, डिजास्टर मैनेजमेंट, पुलिस मॉडर्नाइजेशन तथा विदेशियों से संबंधित वैधानिक विषयों पर भी व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इन विषयों पर पुलिस की कार्यक्षमता एवं कार्यप्रणाली की समग्र समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस एवं गृह विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ-साथ अभियोजन निदेशालय, स्वास्थ्य सेवा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।