
जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जमशेदपुर आगमन की तैयारियां तेज, कार्यक्रम स्थलों का उच्चस्तरीय निरीक्षण
माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जमशेदपुर आगमन की तैयारियां तेज, कार्यक्रम स्थलों का उच्चस्तरीय निरीक्षण
जमशेदपुर (झारखंड)। 26 फरवरी को प्रस्तावित माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला उपायुक्त, अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) एवं सचिव, ग्रामीण विकास विभाग सहित वरीय अधिकारियों की टीम ने कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केन्द्र ट्रस्ट के प्रस्तावित भूमि पूजन स्थल का जायजा लिया तथा वहां की आधारभूत सुविधाओं, मंच व्यवस्था, अतिथि दीर्घा, पार्किंग एवं आमजन की आवाजाही के मार्गों की समीक्षा की। इसके साथ ही Manipal Tata Medical College में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया, जहां सुरक्षा, प्रोटोकॉल अनुपालन, मेडिकल सुविधा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा सुनिश्चित करने, यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने तथा कार्यक्रम स्थलों पर समन्वित संचार प्रणाली स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की चूक न हो, यह सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के आगमन को ऐतिहासिक और गरिमामय बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर की जा रही हैं।