
वाराणसी : पत्नी गई थी मायके और लूम कारीगर ने घर में फांसी लगाकर कर ली खुदकुशी, कलह बना कारण
वाराणसी लोहता थाना क्षेत्र के भट्ठी गांव में गुरूवार की रात राजेंद्र पटेल के 38 वर्षीय पुत्र योगेन्द्र कुमार पटेल ने कमरे में सीलिंग फैन से मफलर का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह काफी देर तक दरवाजा नही खुला तो परिवारवालों ने खटखटाया और काफी आवाज लगाई। फिर भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नही हुई तो परिजन घबरा गये।
अनहोनी की आशंका से परेशान परिजनों ने आखिरकार दरवाजा तोड़ दिया। देखा तो पंखे से फांसी के फंदे के सहारे योगेन्द्र कुमार का शव लटका हुआ था। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना का कारण पारिवारिक कलह बताया जाता है।योगेंद्र लूम कारीगर था। उसकी शादी सोनी से हुई थी। उसके दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। बताया जाता है कि पत्नी बच्चों को लेकर मायके गई थी और योगेंद्र घर में अकेले था। इसी बीच उसने फांसी लगा ली। परिजनों के अनुसार, योगेंद्र पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे, जिसे आत्महत्या का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस गृह कलह या आर्थिक तंगी को कारण मानकर जांच कर रही है। सूचना पर उसकी पत्नी पहुंची।