एमएसएमई–ईएसडीपी के अंतर्गत 42 दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां (सोनीपत) के फैशन टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) के तत्वावधान में “एंटरप्रेन्योरशिप कम स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम (ESDP)” के अंतर्गत 6 सप्ताह (42 दिन) का नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ किया गया। यह कार्यक्रम 14 फरवरी, 2026 से 27 मार्च, 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण “गारमेंट कंस्ट्रक्शन के लिए कटिंग एवं टेलरिंग तकनीक” विषय पर आधारित है। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बेसिक से एडवांस कटिंग तकनीक, सिलाई की उन्नत विधियाँ, गारमेंट निर्माण की बारीकियाँ तथा व्यावहारिक (हैंड्स-ऑन) प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उद्यमिता विकास, स्वरोजगार के अवसरों एवं लघु उद्योग स्थापना संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. (डॉ.) सुदेश की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कौशल विकास एवं उद्यमिता महिलाओं के सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय भविष्य में खानपुर कलां में एक बड़े एवं आधुनिक स्किल सेंटर की स्थापना की दिशा में कार्य करेगा, जिससे अधिकाधिक युवतियों एवं महिलाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय की ओर से सभी प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर बनाने हेतु हर संभव सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
विभाग के चेयरपर्सन डॉ. आशीष हुड्डा ने कहा कि फैशन टेक्नोलॉजी विभाग उद्योग उन्मुख एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यक्रम प्रतिभागियों के तकनीकी कौशल के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं उद्यमशीलता क्षमताओं को भी सुदृढ़ करेगा।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी प्रो. अंशु भारद्वाज ने बताया कि 42 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान नियमित प्रायोगिक सत्र, विशेषज्ञ व्याख्यान तथा उद्यम स्थापना संबंधी विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागी स्वयं का सूक्ष्म उद्यम स्थापित कर सकें।
इस अवसर पर प्रो. विजय नेहरा, डीन एकेडमिक अफेयर, नोडल अधिकारी प्रो. अंशु भारद्वाज विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष हुड्डा , संकाय सदस्य एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः नि:शुल्क है।
विश्वविद्यालय ने सामुदायिक एवं समावेशी विकास कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पुनः दोहराई।