logo

सी.जे.डी.ए.वी. सेन्टेनरी पब्लिक स्कूल, मेरठ में 'महर्षि दयानन्द सरस्वती जी' के जन्मोत्सव पर 21 कुंडीय विशाल यज्ञ अनुष्ठान

मेरठ। सीजी डीएवी सैंटेनरी पब्लिक स्कूल, मेरठ में 12 फरवरी 2026 को 'महर्षि दयानंद सरस्वती जी' के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 21 कुंडीय यज्ञ का अनुष्ठान आयोजित किया गया। अनुष्ठान में विशिष्ट यजमान के रूप में महानगरीय भाजपा अध्यक्ष श्री विवेक रस्तोगी जी, अंकित जी, थापर नगर, आर्य समाज अध्यक्ष श्री राजेश सेठी जी, पवन जी, वीरेंद्र आर्य जी उपस्थित रहे।

डाॅ अल्पना शर्मा (क्षेत्रीय अधिकारी डीएवी स्कूल, यू पी, जोन- ए) ने इस अनुष्ठान में यजमान बनकर अनुष्ठान की शोभा को द्विगुणित कर दिया।
अंधविश्वास के अंधकार में डूबे भारत को प्रकाश की ओर अग्रसर करने वाले, नई चेतना, नया जीवन और नई ऊर्जा प्रदान करने वाले महर्षि दयानंद सरस्वती जी इस पावन भारत भूमि पर सूर्य के समान अवतरित हुए। उन्होंने समाज को अज्ञान के अंधकार से निकालकर सत्य, ज्ञान और जागृति का नया सवेरा दिया।

धन्य है यह भारत भूमि और धन्य है डीएवी परिवार, जो कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि 12.2.2026 दिन बृहस्पतिवार को महर्षि दयानंद सरस्वती जी का जन्मोत्सव पूर्ण हर्षोल्लास के साथ मना रहा है।
21 कुंडीय यज्ञ के भव्य आयोजन में कक्षा 3 से लेकर कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों ने मंत्रों के उच्चारण कर संकल्प दिलवाए कि हम अपने हृदय में व्याप्त बुराइयों, कुरीतियों और नकारात्मक भावनाओं को यज्ञ की पावन अग्नि में आहुतियों के माध्यम से स्वाहा कर, जीवन को पवित्र, सकारात्मक और प्रेरणादायी बनाएँगे।

मुख्य अतिथि माननीय श्री विवेक रस्तोगी जी ने डीएवी के इस अनुष्ठान के लिए तथा संस्कारो को विद्यार्थियों में अनुप्राणित करने के लिए डीएवी विद्यालय की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

श्री राजेश सेठी जी ने युग प्रवर्तक महर्षि दयानंद सरस्वती जी के चिंतन की चर्चा करते हुए उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
डाॅ अल्पना शर्मा जी ने कहा कि आज का दिवस बहुत ही महत्वपूर्ण है, आज महर्षि दयानंद सरस्वती जी का 201वां जन्मोत्सव तो है ही साथ ही आर्य समाज का 150 वर्ष पूर्ण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि डीएवी एक ऐसी संस्था है जो शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को भी विद्यार्थियों में विकसित करती है।उन्होंने अभिभावक गण को संबोधित करते हुए अनुष्ठान में उनकी उपस्थिति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

5
233 views