logo

रांची, तमाड़ : प्रेम संबंध में बाधा बना युवक, चाय में ज़हर देकर की गई हत्या, दंपती गिरफ्तार

प्रेम संबंध में बाधा बना युवक, चाय में ज़हर देकर की गई हत्या, दंपती गिरफ्तार

रांची, तमाड़ (झारखंड)। तमाड़ थाना अंतर्गत ग्राम लोढ़मा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम संबंध में बाधा बनने पर युवक को चाय में ज़हर मिलाकर पिलाने की साजिश रचकर उसकी हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने महिला और उसके पति को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 फरवरी 2026 को तमाड़ थाना को सूचना मिली कि ग्राम लोढ़मा में एक युवक की ज़हर खाने से मौत हो गई है। सूचना के आलोक में वरीय पदाधिकारी को अवगत कराते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुँची। जांच के दौरान पता चला कि मृतक युवक शंकर नायक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया था, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई सुकरा नायक के लिखित आवेदन के आधार पर तमाड़ थाना कांड संख्या 11/2026 दिनांक 09.02.2026 के तहत धारा 103(1)/123/3(5) BNS में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अनुसंधान में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक शंकर नायक का प्राथमिक अभियुक्त गीता देवी के साथ पिछले लगभग तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। मृतक के माता-पिता की बीमारी के कारण मृत्यु हो जाने के बाद गीता देवी उसके घर में काम करने लगी थी, इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ।

जब शंकर नायक शादी करने के लिए लड़की देखने गया, तो गीता देवी ने उससे शादी न करने का दबाव बनाना शुरू किया। वह नहीं चाहती थी कि शंकर नायक विवाह कर अपना अलग परिवार बसाए।

इसी बात को लेकर गीता देवी अपने पति बलदेव मधुवा के साथ मिलकर शंकर नायक की हत्या की योजना बनाने लगी। योजना के अनुसार अभियुक्तों ने शंकर नायक को चाय में कीटनाशक ज़हर मिलाकर पिला दिया। ज़हर पीने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, उसके मुंह से झाग निकलने लगे और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में गीता देवी (35 वर्ष) और उसके पति बलदेव मधुवा (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ग्राम लोढ़मा, थाना तमाड़, जिला रांची के निवासी हैं। इस कार्रवाई में तमाड़ थाना प्रभारी पु०अ०नि० प्रवीण कुमार, पु०अ०नि० प्रेम सागर, पु०अ०नि० गणेश चौड़े एवं तमाड़ थाना सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है।

10
686 views