
■बोकारो : अजीज ने पत्नी की नग्न तस्वीर की वायरल, गया जेल |
बोकारो में आज पति द्वारा अपनी पत्नी की तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल करने और अन्य तरीके से प्रताड़ित करने का मामला प्रकाश में आया है। पत्नी की शिकायत पर उसके पति की जेल भेज दिया गया है।
बोकारो स्टील सिटी के महिला थाना में बालीडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर निवासी अरशी खानम ने अपने 32 वर्षीय पति सैयद मोहम्मद अजीज पर दहेज उत्पीड़न और साइबर अपराध का एक गंभीर आरोप लगाते हुए 19 जनवरी 2026 को कांड संख्या - 01/ 26 दर्ज करवाया था। खानम ने आरोप लगाया था कि उसका पति दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। आरोप है कि इसी क्रम में आरोपी ने पत्नी की निजी नग्न तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं, दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा तथा आईटी एक्ट की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस ने आज इसी मामले में उसके मखदुमपुर के घर से उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक काले रंग का सैमसंग गैलेक्सी ए-55 स्मार्ट फोन तथा एक नीले रंग का सैमसंग गैलेक्सी ए-12 स्मार्ट फोन बरामद किया है, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है। इस कांड के अनुसंधानकर्ता बालीडीह थाना प्रभारी पु.नि. नवीन कुमार सिंह हैं। छापेमारी दल में पु.अ.नि. अजय कुमार राय एवं आरक्षी बैजनाथ राउत शामिल थे।