logo

जमशेदपुर : सीसीटीवी फुटेज से खुला शराब दुकान चोरी कांड, सिदगोड़ा पुलिस ने दो शातिर चोरों को धर दबोचा

सीसीटीवी फुटेज से खुला शराब दुकान चोरी कांड, सिदगोड़ा पुलिस ने दो शातिर चोरों को धर दबोचा

जमशेदपुर (झारखंड)। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्यापति नगर एवं सिदगोड़ा बाजार स्थित शराब दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई नकदी भी बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिदगोड़ा थाना कांड संख्या 13/26 दिनांक 28.01.2026 के तहत धारा 334(1) एवं 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। शराब दुकान में हुई चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस द्वारा अनुसंधान प्रारंभ किया गया। अनुसंधान के क्रम में 06.02.2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की घटना में संलिप्त कुछ संदिग्ध सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में घूम रहे हैं।

सूचना मिलते ही तत्क्षण गश्ती दल, टाइगर मोबाइल, पीसीआर तथा बर्मामाइंस थाना को सतर्क किया गया और क्षेत्र में सघन वाहन एवं पैदल गश्ती शुरू की गई।

इसी दौरान बारिदीह बाजार स्थित मणिपाल हॉस्टल के पीछे छोटा मंदिर रोड में लाल के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान सीसीटीवी फुटेज से दोनों की पहचान की गई, जिसमें एक व्यक्ति का चेहरा फुटेज से पूरी तरह मेल खाता पाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

1. कार्तिक लोहार उर्फ दीपक (उम्र 23 वर्ष), पिता– स्व. गुणधर लोहार, निवासी– आदित्यपुर अलकापुरी बस्ती, नियर काली मंदिर, थाना– आदित्यपुर, जिला– सरायकेला-खरसावां।
2. रितिक पाल (उम्र 25 वर्ष), पिता– शांति पाल, निवासी– आदित्यपुर-2, नियर हनुमान मंदिर, मदन मोहन प्रसाद के मकान में किरायेदार, थाना– आरआईटी, जिला– सरायकेला-खरसावां।

कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने शराब दुकान में चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया तथा अन्य थाना क्षेत्रों में भी शराब दुकानों में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी दी।

आरोपियों की तलाशी के दौरान, कार्तिक लोहार के पास से ₹2700/- रितिक पाल के पास से ₹3300/- नकद राशि बरामद की गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इससे पूर्व भी इनके विरुद्ध साकची एवं कदमा थाना में चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस सफल कार्रवाई में सिदगोड़ा थाना प्रभारी सहित पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की सराहनीय भूमिका रही।

28
1461 views