logo

मोदरान रेलवे स्टेशन पर चेन्नई-भगत की कोठी सुपरफास्ट ट्रेन के ठहराव को मिली सैद्धांतिक मंजूरी; रेल मंत्री ने सांसद लुम्बाराम चौधरी को दिया आश्वासन

मोदरान रेलवे स्टेशन पर चेन्नई-भगत की कोठी सुपरफास्ट ट्रेन के ठहराव को मिली सैद्धांतिक मंजूरी; रेल मंत्री ने सांसद लुम्बाराम चौधरी को दिया आश्वासन



जालोर/मोदरान। जगमाल सिंह राजपुरोहित।

जालोर-सिरोही क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद श्री लुम्बाराम चौधरी के प्रयासों से मोदरान रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से चली आ रही ट्रेन ठहराव की मांग अब जल्द पूरी होने जा रही है। सांसद चौधरी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को पत्र लिखकर 'चेन्नई एमजीआर - भगत की कोठी सुपरफास्ट एक्सप्रेस' (ट्रेन संख्या 20625/20626) के मोदरान स्टेशन पर ठहराव की पुरजोर वकालत की।
सांसद की सक्रियता और रेल मंत्री का आश्वासन:
सांसद लुम्बाराम चौधरी ने रेल मंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात और पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि मोदरान स्टेशन के आसपास के करीब 120 गांवों की जनता, विशेषकर प्रवासी भाई जो तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में व्यापार करते हैं, उन्हें इस ट्रेन का ठहराव न होने से भारी असुविधा हो रही है। यात्रियों को वर्तमान में 40 किमी दूर जालोर या भीनमाल स्टेशनों तक जाना पड़ता है।
सांसद की इस जनहितैषी मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें आश्वस्त किया है कि बहुत जल्द इस सुपरफास्ट ट्रेन का मोदरान स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कर दिया जाएगा।
प्रवासियों और श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात:
मोदरान रेलवे स्टेशन न केवल व्यापारिक दृष्टि से, बल्कि धार्मिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रसिद्ध श्री आशापुरी माताजी मंदिर के दर्शन हेतु देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों के लिए यह ठहराव एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
संघर्ष समिति ने जताया आभार:
रेल संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने सांसद लुम्बाराम चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित के इन प्रयासों की सराहना की है। सांसद चौधरी ने विश्वास जताया है कि इस ठहराव से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

3
67 views