logo

नूंह की बेटी के साथ दरिंदगी — हरियाणा की बेटियाँ असुरक्षित, सरकार जवाब दे : सुधा भारद्वाज अध्यक्ष महिला कांग्रेस हरियाणा

■ दोषी दरिंदों को कड़ी से कड़ी सजा हो
■ जल्द से जल्द एफ आई आर दर्ज कर सलाखों के पीछे भेजने का करें हरियाणा सरकार काम

यमुनानगर/पंचकूला। 16/07/25 : हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस इस बात से बेहद व्यथित और आक्रोशित है कि नूंह जिले में 17 वर्षीय एक किशोरी के साथ दिन-दहाड़े ऐसी दरिंदगी हुई, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। बाइक पर सवार कुछ मनचलों को जब किशोरी ने सड़क पर ठीक से चलने की सलाह दी, तो उन्होंने शराब की बोतल उसके चेहरे पर दे मारी।
इस निर्मम हमले में उसके तीन दांत टूट गए, चेहरे और जबड़े पर 35 से अधिक टांके आए हैं, और 10 से अधिक गहरे घाव हुए हैं। इतना ही नहीं, वह अब बोल भी नहीं पा रही। यहां तक कि पानी पीने तक में हो रही है तकलीफ।
यह घटना 12 जुलाई को हुई थी, लेकिन चार दिन बीत जाने के बावजूद एफआईआर तक दर्ज नहीं हुई ।यह न केवल प्रशासनिक लापरवाही है, बल्कि पुलिस व्यवस्था की संवेदनहीनता का प्रतीक भी है।
श्रीमती सुधा भारद्वाज ने मीडिया वार्ता में कहा हम हरियाणा सरकार से पूछते हैं क्या बेटियाँ डर में जीती रहेंगी? कब तक दरिंदे आज़ाद घूमेंगे और पीड़ितों को इंसाफ के लिए दर-दर भटकना पड़ेगा?
श्रीमती सुधा भारद्वाज अध्यक्ष हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस ने प्रशासन व शासन से गुहार लगाते हुए रखी है माँगें:
1. तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
2. दरिंदों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर सख्त से सख्त सज़ा दी जाए।
3. पीड़िता के परिवार को सरकार की तरफ से अधिक से अधिक आर्थिक सहायता दी जाए।
4. पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और मेडिकल उपचार की समुचित व्यवस्था की जाए।

हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस यह स्पष्ट करना चाहती है कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलेगा, हमारा संघर्ष जारी रहेगा। यह सिर्फ एक बेटी का मामला नहीं, हरियाणा की हर बेटी की सुरक्षा और सम्मान का प्रश्न है।


42
6707 views