
पानीपत से जींद तक सड़क होगी फोरलेन
जल्द ही निर्माण कार्य होगा शुरू
जींद। पानीपत-जींद तक सड़क को फोरलेन किया जाएगा। यह सड़क करीब 184 करोड़ में बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसकी प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। सड़क चौड़ीकरण दो से चार लेन बनाने के साथ इसके दोनों तरफ पानी निकासी के लिए ड्रेन भी बनाई जाएगी। विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने इस पर मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
उल्लेखनीय है कि पानीपत से जींद सड़क दो लेन में है। इस पर अब वाहनों की संख्या बढ़ गई है। सड़क तंग होने पर हादसा होने का भी खतरा बना रहता है। स्थानीय लोग सड़क चौड़ीकरण की लंबे समय से मांग कर रहे थे। इसमें वन विभाग की मंजूरी के लिए प्रोजेक्ट अटक गया था। वन विभाग ने गत दिनों इसकी मंजूरी दे दी थी। पानीपत से जींद जिले तक सड़क फोरलेन बनाने का करीब 184 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट बनाया था। यह प्रोजेक्ट हाई परचेज कमेटी के पास गया था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 184 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को सोमवार को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की। इसके निर्माण के लिए शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के आदेश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए हैं।
पानीपत से जींद तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। जिसमें पानीपत से दरियापुर मोड तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। यह फोरलेन सड़क जिला पानीपत का हिस्सा रहेगी। इसकी 92 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। इसी तरह दरियापुर मोड़ से जींद तक 10 मीटर की सड़क बनाई जाएगी। यह सड़क जींद जिला का हिस्सा रहेगी। इस पर 92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बिजली के खंभे शिफ्ट करने और वन विभाग को 25.26 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है।
बॉक्स
हर गांव में बनेंगी ड्रेन
पानीपत-जींद फोर लेन पर आने वाले गांवों में पानी निकासी के लिए ड्रेन बनाई जाएंगी। पानीपत के अंतर्गत ज्योति नगर, विर्क नगर, सौदापुर, खुखराना, पानीपत थर्मल, ऊंटला, भालसी, मतलौडा व नारा गांव हैं।
वर्जन :
पानीपत-जींद सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग करीब 184 करोड़ रुपये में सड़क बनाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसकी प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। वे दोनों जिलों की तरफ से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं।
कृष्णलाल पंवार, विकास एवं पंचायत मंत्री।