logo

मध्य प्रदेश में तीसरे चरण में गुना, विदिशा, भोपाल, राजगढ़, बैतूल, ग्वालियर, मुरैना, सागर और भिंड लोकसभा सीट पर मतदान हुआ।

मध्य प्रदेश में तीसरे चरण में गुना, विदिशा, भोपाल, राजगढ़, बैतूल, ग्वालियर, मुरैना, सागर और भिंड लोकसभा सीट पर मतदान हुआ।




MP 3rd Phase Chunav: भोपाल। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को 9 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। गर्मी के बाद भी 66.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस चरण में गुना, विदिशा, भोपाल, राजगढ़, बैतूल, ग्वालियर, मुरैना, सागर और भिंड लोकसभा सीट पर मतदान हुआ। इस दौरान मुरैना में प्रत्याशियों को नजरबंद किया गया, वहीं भिंड के अटेर में विवाद में 6 लोग घायल हो गए।

गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र में मंगलवार सुबह सात बजे मतदान की शुरुआत हुई। मौसम ठंडा और सुहाना था। इस दौरान मतदाता पहुंचने तो लगे लेकिन उत्साह नहीं दिखाई दे रहा था। नतीजतन, सुबह नौ बजे तक मात्र 16.43 फीसद मतदान हुआ। मतदान का प्रतिशत कम दिखते ही जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर डा. सतेन्द्र सिंह ने बीएलओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं आदि अमले को सक्रिय किया। उन्होंने लोगों से घरों से निकलकर जल्द से जल्द मतदान की अपील की।




इसका असर भी दिखा, मतदाता बाहर निकलने लगे। हालांकि, दोपहर में गर्मी के तेवर तीखे हुए लेकिन इस समय महिलाएं चौका-चूल्हा के बाद घरों से बाहर आने लगीं। नतीजतन, 11 बजे तक 34.18 प्रतिशत, एक बजे तक 49.93 फीसदी और तीन बजे तक मतदान का आंकड़ा 60.16 प्रतिशत तक पहुंच गया। भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया संसदीय क्षेत्र में भ्रमण पर निकले। समर्थकों को मतदान का प्रतिशत बढ़ाने की हिदायत देते नजर आए। कांग्रेस प्रत्याशी राव यादवेंद्र सिंह यादव भी क्षेत्र में घूमते रहे।

विदिशा लोकसभा चुनाव : गर्मी को ठेंगा, जमकर किया मतदान

विदिशा संसदीय क्षेत्र में मतदाताओं में भारी उत्साह रहा। 42 डिग्री सेल्सियस तापमान की गर्मी को ठेंगा दिखाते हुए लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया। ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटों में ही 50 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे। हालांकि शहरी क्षेत्रों में मतदान की रफ्तार धीमी रही। जिले में सुबह 7 बजे से 9 बजे तक 14.51 फीसद मतदान हुआ। अहमदपुर क्षेत्र के गांव चिढोरिया में सुबह 11 बजे तक 51 फीसद मतदान हो चुका था, वहीं ग्राम हांसुआ में दोपहर 12 बजे तक 53 फीसद मतदाता वोट डाल चुके थे।




शहरी क्षेत्र में सबसे अधिक उत्साह रायपुरा, बरईपुरा और रामलीला क्षेत्र में देखा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में महिला मतदाता समूह के रूप में मतदान केंद्रों पर पहुंची। दोपहर तीन बजे तक जिले में 57 फीसद मतदान हो चुका था। भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह परिवार के साथ नर्मदा मैया की पूजा की, फिर अपने गृह ग्राम जैत में परिवार के साथ मतदान किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व सांसद प्रताप भानु शर्मा ने माधवगंज के समीप स्थित जैन धर्मशाला में मतदान किया।

बैतूल लोकसभा चुनाव : चिलचिलाती धूप भी कम नहीं कर पाई मतदाताओं का उत्साह

बैतूल संसदीय क्षेत्र के आठ विधानसभा क्षेत्रों में बनाए गए 2355 मतदान केंद्रों पर शाम पांच बजे तक 67.97 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया था। सुबह नौ बजे से ही तेज धूप चुभने लगी थी लेकिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने और मतदान करने का क्रम बाधित नहीं हुआ। सुबह सात बजे से ही मतदाताओं की कतार मतदान केंद्र पर नजर आने लगी थीं।




सुबह नौ बजे तक दो घंटे में ही संसदीय क्षेत्र में 15.97 प्रतिशत मतदान हो चुका था। नौ बजे के बाद बड़ी संख्या में मतदाता अपने घरों से निकले और मतदान में हिस्सा लिया। सुबह 11 बजे तक 32.65 प्रतिशत मतदान हो गया था। दोपहर एक बजे तक 48.26 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर दिया था। तीन बजे तक संसदीय क्षेत्र में 59.36 प्रतिशत मतदाताओं के द्वारा मतदान में हिस्सा ले लिया। बैतूल संसदीय क्षेत्र में मुख्य मुकाबला भाजपा के दुर्गादास उइके और कांग्रेस के रामू टेकाम के बीच ही है।

भोपाल लोकसभा चुनाव : तेज शुरुआत, धीमी दोपहर, मतदाताओं ने दिखाया उत्साह

भोपाल-सीहोर संसदीय क्षेत्र में मतदान की शुरुआत तेजी से हुई। 2097 मतदान केंद्रों में से अधिकांश पर लंबी कतारें लगी देखी गईं। कई जगहों पर सुबह छह बजे से ही मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया था, सात बजते-बजते लंबी लाइनें छांव के लिए लगाए गए टेंटों से बाहर पहुंच गईं। सुबह 11 बजे तक 27 प्रतिशत मतदान हो गया था, जो एक बजे तक 40 प्रतिशत पहुंच गया। इसके बाद धूप तेज होते ही मतदान की गति धीमी हो गई और अगले दो घंटों में मात्र 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा ने परिवार के साथ चौक बाजार स्थित दिगंबर जैन मंदिर में मतदान केंद्र में मतदान किया, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव ने झागरिया खुर्द में मतदान किया। केंद्रों पर मतदाताओं के लिए छांव, ठंडे पानी सहित स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। लकी ड्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सुबह 10 बजे दोपहर दो बजे एवं शाम छह बजे लकी ड्रा खोला। नाम आने वाले मतदाताओं को निश्चित उपहार दिए इस गतिविधि ने मतदाताओं का उत्साहवर्द्धन किया।







मुरैना-श्योपुर लोकसभा चुनाव : प्रत्याशी रहे नजरबंद, छिटपुट विवादों के बीच मतदान

मुरैना-श्योपुर लोकसभा सीट पर प्रशासन की मुस्तैदी के बीच मतदान हुआ। सुबह से ही उपद्रव की आशंका के चलते भाजपा, कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी को पुलिस लाइन बुलवा लिया गया। दोपहर बाद ही भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर और कांग्रेस प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार को क्षेत्र में जाने की अनुमति दी गई, हालाकि बसपा प्रत्याशी रमेश गर्ग को तब जाने दिया, जब उनके समर्थक वहां पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।




पहले दो घंटे में मुरैना व श्योपुर जिले की आठों सीटों पर करीब 14 फीसद मतदान हुआ, जो अपराह्न तीन बजे तक 49.01 फीसद पर पहुंचा। सुमावली व जौरा में छुटपुट विवाद की खबरें भी आईं। चुनाव में हिंसा के नाम पर नायकपुरा में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में मारपीट ही हुई। नूराबाद के रंचौली में दो पक्षों में विवाद हुआ, जिसमें एक पक्ष ने खुद की झोपड़ी में आग लगाकर दूसरे पक्ष पर आरोप लगाकर ऐसी सनसनी फैलाई कि कलेक्टर को फेसबुक अकाउंट से मामले की सच्चाई बतानी पड़ी।




मुरैना शहर में पंचायती धर्मशाला के बूथ पर हंगामा होने पर पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी। पोरसा के खड़गपुरा में मतदान को लेकर विवाद हो गया। विजयपुर विधानसभा क्षेत्रके निमांनियां गांव में मतदान के बहिष्कार की सूचना पर प्रशासन की टीम पहुंची और मतदान शुरू कराया।




भिंड-दतिया लोकसभा चुनाव : अटेर में विवाद में छह घायल

इस लोकसभा सीट पर सुबह 11 बजे के बाद पोलिंग बूथ पर पहुंचने वाले मतदाताओं की संख्या सीमित हो गई। दोपहर एक से शाम चार बजे तक शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकिदोपहर तीन बजे तक 43.98 प्रतिशत मतदान हो चुका था। भिंड जिले की पांच और दतिया की तीन विधानसभा सीटों वाले इस लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया, भाजपा प्रत्याशी संध्या राय और बसपा प्रत्याशी देवाशीष जरारिय सहित सात प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे।

यहां दोपहर के समय शहर के कटरा मोहल्ला में शासकीय मध्यवर्ती स्कूल में बनाए गए मतदार केंद्र 92, जेल रोड पर स्थित बुनियादी स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र क्रमांक 52 में ईवीएम मशीन में समस्या आने पर करीब आधे घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। इसी तरह लहार के अचलपुरा में मतदान केंद्र क्रमांक 10 पर ईवीएम मशीन बार-बार खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ।

अटेर तहसील के सुरपुरा थाना क्षेत्र भदौरिया के पुरा में पोलिंग बूथ के बाहर विवाद में महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए। शहर के विक्रमपुरा में बनाए गए बूथ क्रमांक 200 में पीठासीन अधिकारी राघवेंद्र सिंह भदौरिया को घबराहट व सीने में दर्द होना शुरू हो गया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से इन्हें जिला अस्पताल लाया गया।




ग्वालियर लोकसभा चुनाव : सुबह लगी लाइने तो दोपहर में सूने रहे केंद्र

शाम पांच बजे तक संसदीय सीट पर लगभग 57.86 प्रतिशत हो गया था। ग्वालियर में सुबह सात बजे मतदान करने के लिए मतदाताओं को लाइनें लगीं रहीं पर दोपहर होते-होते मतदान केंद्र सूने हो गए। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में सुबह के समय कुछ स्थानों पर ईवीएम खराब होने से मतदान भी प्रभावित हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक का आयुर्वेद कालेज के मतदान केंद्र पर तैनात अर्द्धसैनिक बल के जवान से विवाद भी गया।

जवान ने एक वृद्ध को मतदान केंद्र में मोबाइल के साथ प्रवेश करने से रोक दिया था। शहरी क्षेत्र में मतदान को लेकर लोगों में उत्साह भी रहा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने महल परिसर के पास स्थित एएमआई शिशु मंदिर स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर, सांसद विवेक शेजवलकर ने भी मतदान कर लोगों से मतदान की अपील की।

ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान की पहल पर जिले के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर लकी ड्रा बॉक्स रखवाए गए थे। करैरा विधानसभा की दवरा करैरा पंचायत में मतदाताओं ने पक्की सड़क और ओलावृष्टि का मुआवजा नहीं मिलने को लेकर चुनाव का बहिष्कार कर दिया, एसडीएम, तहसीलदार की टीम पहुंची और लोगों को समझाकर मतदान शुरू कराया।




राजगढ़ लोकसभा चुनाव : शुरुआती सुस्ती के बाद तेजी, तीन बजे तक 63 प्रतिशत मतदान

सुबह के पहले घंटे की सुस्त शुरुआत के बाद संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। ग्रामीण अंचलों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। हालांकि नगरीय क्षेत्रों में मतदान के प्रति रुझान गांवों की अपेक्षा कम रहा। दोपहर तीन बजे तक 63.69 प्रतिशत मतदान हुआ।

जैसे-जैसे दिन का तापमान बढ़ता गया, उसी के साथ राजगढ़ संसदीय क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत भी बढ़ता गया। यही कारण है कि मतदान का समय चार घंटे बीतने के बाद सुबह 11 बजे राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में 34 प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका था। हालांकि सुबह सात से आठ बजे तक मतदान को लेकर धीमी रफ्तार रही। कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कई गांवों में मतदान की स्थिति का जायजा लेते दिखे। वहीं, भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर भी पार्टी नेताओं के साथ घूमते रहे।

सागर लोकसभा चुनाव : मतदान केंद्रों पर दिखता रहा गर्मी का असर

लोकसभा क्षेत्र में सुबह तो लोगों में मतदान के लिए उत्साह रहा। नतीजतन, शुरुआती छह घंटों में 44.37 प्रतिशत मतदान हो गया था, लेकिन एक बजे के बाद सूर्य देव के तेवर तीखे होते ही केंद्रों पर सन्नाटा नजर आने लगा। ऐसे में, दोपहर एक से शाम पांच बजे तक केवल 17.33 प्रतिशत मतदान ही हुआ। दोपहर एक से तीन बजे तक केवल 8.76 और तीन से पांच बजे तक 8.57 प्रतिशत ही मतदान हुआ। शाम पांच बजे तक मतदान का आंकड़ा 61.70 प्रतिशत पहुंच गया।

गर्मी के चलते कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सागर नगर के चंद्रशेखर वार्ड में बने मतदान केंद्र क्रमांक 93 में पदस्थ पीठासीन अधिकारी पृथवीराज यादव की गर्मी से नाक फूट गई। उनके नाक से तेज खून बहने लगा। मौके पर स्वास्थ्य सेवा न होने की वजह से उन्हें परेशानी हुई। उन्हें आटो से अस्पताल भेजना पड़ा। खुरई विस क्षेत्र के महूना जाट मतदान केंद्र क्रमांक 70 में पीठासीन अधिकारी रमाकांत पिता रामस्वरूप खरे की तबीयत खराब हुई, जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।





5
971 views