ऑटो चालक की दबंगई से परेशान दुकानदार ने थाने में दिया आवेदन l
बोकारो: चीरा चास निवासी बिपिन सिन्हा ने एक ऑटो चालक के खिलाफ दुर्व्यवहार, अभद्र व्यवहार एवं धमकी देने का आरोप लगाते हुए चीरा चास थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, 7 जून 2026 की दोपहर एक ऑटो चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए वहां पहुंचा। बिपिन सिन्हा द्वारा उसे सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दिए जाने पर चालक भड़क गया और उनसे बहस करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा।
शिकायत में कहा गया है कि शाम के समय वही ऑटो चालक उनकी दुकान पर पहुंचा और पुनः बदसलूकी करते हुए अपशब्द कहे तथा धमकी भरा व्यवहार किया। इस घटना से दुकानदार और उनके परिवार में भय एवं असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो गया है।
बिपिन सिन्हा ने बताया कि ऑटो चालक की पूरी हरकत उनकी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान संबंधित फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे घटना की सत्यता सामने आ सके।
शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी ऑटो चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।