PAKUR : 12 घंटे में चोरी का खुलासा, पश्चिम बंगाल का आरोपी गिरफ्तार
12 घंटे में चोरी का खुलासा, पश्चिम बंगाल का आरोपी गिरफ्तार
पाकुड़ (झारखंड)। पाकुड़ पुलिस ने महेशपुर थाना क्षेत्र के दमदमा गांव में हुई चोरी की घटना का महज 12 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए नगद रुपये, मोबाइल फोन और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 3 जून 2026 को दमदमा गांव स्थित रियाजुद्दीन शेख के घर में चोरी की घटना की सूचना मिलने पर महेशपुर थाना कांड संख्या 88/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर पुलिस को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मुरारोई थाना क्षेत्र निवासी अलाउद्दीन शेख की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद छापेमारी कर महेशपुर के कांसादिग्धी गांव के पास आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 4 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने 2 जून की रात दमदमा गांव में चोरी की थी। उसकी निशानदेही पर कांसादिग्धी पुलिया के नीचे छिपाकर रखे गए चोरी के सामान बरामद किए गए, जिनमें एक रेडमी मोबाइल, चांदी का बाला, चांदी का टीका तथा 12,500 रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस ने कुल 16,500 रुपये नकद, एक रेडमी मोबाइल और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र में घूम-घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। मामले के खुलासे में एसडीपीओ विजय कुमार, पुलिस निरीक्षक मदन शर्मा, थाना प्रभारी रवि शर्मा समेत महेशपुर थाना और रद्दीपुर ओपी के पुलिस पदाधिकारियों व सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।