logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बढ़ते तापमान को लेकर जनजागरूकता अभियान

मेरठ। पर्यावरण संरक्षण एवं बढ़ते तापमान को लेकर जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ग्लोबल सोशल कनेक्ट एवं सिटिजन वॉइस के संयुक्त तत्वावधान में हनुमान मंदिर, बुधाना गेट पर पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान लोगों को पर्यावरण बचाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ता तापमान और पर्यावरण असंतुलन आज गंभीर चिंता का विषय बन चुका है।

मेरठ का विश्व के सबसे गर्म शहरों की सूची में शामिल होना बेहद चिंताजनक है, जो यह संकेत देता है कि यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्लोबल सोशल कनेक्ट की अध्यक्षा ऋचा सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

यदि आज हम जागरूक नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को इसका गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं जल संरक्षण अपनाने की अपील की। ग्लोबल सोशल कनेक्ट के सचिव अभिषेक शर्मा ने कहा कि बढ़ती गर्मी और प्रदूषण को रोकने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। छोटे-छोटे प्रयास जैसे प्लास्टिक का कम उपयोग, पानी की बचत और पेड़ लगाना पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सिटिजन वॉइस के संस्थापक अध्यक्ष प्रशांत कौशिक ने कहा कि आज आवश्यकता केवल चर्चा की नहीं बल्कि जागरूकता को जनआंदोलन बनाने की है। समाज के हर वर्ग को पर्यावरण बचाने के लिए आगे आना होगा, तभी आने वाला भविष्य सुरक्षित रह सकेगा। अभियान में लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने एवं जल संरक्षण अपनाने की अपील की गई। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर ग्लोबल सोशल कनेक्ट की अध्यक्षा ऋचा सिंह, सचिव अभिषेक शर्मा, सिटिजन वॉइस के संस्थापक अध्यक्ष प्रशांत कौशिक, डॉ. प्रेम कुमार शर्मा, सरदार राजबीर सिंह, अश्वनी कौशिक, हर्षवर्धन बिट्टन, ममता दीक्षित, डॉ. गलेन्द्र शर्मा, पुनीत शर्मा , कंवलजीत सिंह , कर्नल बिनोद उज्जवल, राहुल गौतम, संगीता सिंह, स्तुति यादव, कुशाग्र चौधरी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे ।

0
46 views

Comment