SARAIKELA : आयुष्मान कार्ड निर्माण में उत्कृष्ट कार्य पर कुचाई और ईचागढ़ सीएचसी सम्मानित
आयुष्मान कार्ड निर्माण में उत्कृष्ट कार्य पर कुचाई और ईचागढ़ सीएचसी सम्मानित
सरायकेला (झारखंड)। स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन एवं आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविरों में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचाई एवं ईचागढ़ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने दोनों प्रखंडों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, योजनाओं के सफल क्रियान्वयन तथा आमजनों के प्रति संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।
कार्यक्रम में कहा गया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभुकों को अधिक से अधिक जोड़ने एवं शिविरों के माध्यम से समयबद्ध तरीके से आयुष्मान कार्ड निर्माण कराने में संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बेहतर प्रदर्शन, जवाबदेही एवं जनहित के प्रति समर्पित कार्यशैली को अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायी बताया गया।
साथ ही सभी स्वास्थ्य कर्मियों को भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।