राधा स्वरूप में युवती का युवक की गोद में बैठा वीडियो वायरल, कार्रवाई की उठी मांग
(दुद्धी/सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार)
सोनभद्र जिले में सोशल मीडिया पर एक फोटो एवं वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें झांकी कार्यक्रम के दौरान राधा स्वरूप में सजी एक युवती एक युवक की गोद में बैठी दिखाई दे रही है। वायरल वीडियो एवं तस्वीर को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
मामले को लेकर अखिल भारतीय जागरण सुधार मण्डल पटियाला, पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि धार्मिक झांकियों एवं देवी-देवताओं के स्वरूप की मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
बलबीर सिंह ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों में इस प्रकार की हरकतें आस्था एवं संस्कृति को ठेस पहुंचाने वाली हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वायरल वीडियो एवं फोटो की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में धार्मिक आयोजनों की गरिमा भंग न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि झांकियों का उद्देश्य समाज को धार्मिक एवं सांस्कृतिक संदेश देना होता है, इसलिए आयोजकों एवं प्रतिभागियों को विशेष सावधानी और अनुशासन का पालन करना चाहिए।
वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।