सृजन की सुरक्षा योजना के तहत नवजात बालिकाओं के जन्म पर वृक्षारोपण एवं ग्रीन कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित ।
22 मई 2026, सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य व
सृजन की सुरक्षा योजना के तहत नवजात बालिकाओं के जन्म पर वृक्षारोपण एवं ग्रीन कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित ।
22 मई 2026, सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कदम उठाते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर द्वारा रालसा वन एवं बालिका वर्ष 2025 के अंतर्गत संचालित “सृजन की सुरक्षा (ईको-फेमिनिज्म)” योजना के तहत शुक्रवार को शिल्पग्राम, रणथम्भौर रोड, सवाई माधोपुर में नवजात बालिकाओं के जन्म पर वृक्षारोपण एवं नवजात हरित बालिकाओं को ग्रीन कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समीक्षा गौतम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर द्वारा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव समीक्षा गौतम ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण एवं बालिका सशक्तिकरण दोनों ही समाज की महत्वपूर्ण आवश्यकताएं हैं। इसी सोच को साकार करने के लिए राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा “सृजन की सुरक्षा” योजना प्रारंभ की गई है, जिसके माध्यम से बेटियों के जन्म को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत जिले में पूर्व में चयनित खिलचीपुर ग्राम पंचायत के अतिरिक्त अब शेरपुर ग्राम पंचायत को भी सम्मिलित किया गया है। चयनित ग्राम पंचायतों में प्रत्येक नवजात बालिका के जन्म पर 11 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनकी देखभाल बालिका के परिवार एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सुनिश्चित की जाएगी।
सचिव समीक्षा गौतम ने ग्राम शेरपुर में जन्म लेने वाली प्रत्येक नवजात बालिका को एक विशिष्ट पहचान पत्र के रूप में ग्रीन कार्ड प्रदान करते हुए बताया कि यह ग्रीन कार्ड बालिका के सुरक्षित एवं सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से बालिकाओं को विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं, शिक्षा संबंधी अवसरों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता तक पहुंच को सरल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर प्रदान करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान सचिव समीक्षा गौतम, विभागीय अधिकारियों, नवप्रसूता माताओं, ग्रामवासियों, पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिकार मित्रों द्वारा सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया गया। साथ ही प्रत्येक नवजात बालिका के परिजनों को पौधे वितरित कर उनकी उचित देखभाल एवं संरक्षण हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान सचिव समीक्षा गौतम द्वारा विश्व जैव विविधता दिवस मनाये जाने के उद्देश्य, जैव विविधता के प्रकारों, दुर्लभ प्रजातियों की रक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मानव जीवन और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखने में जैव विविधता के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में असिस्टेंट एलएडीसी अक्षय राजावत ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों, ग्रामवासियों एवं अन्य आमजन को पौधारोपण के महत्व, पेड़-पौधों से होने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों को लिंग आधारित भेदभाव समाप्त करने तथा बालिका के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी नवल किशोर मीना, शिक्षा विभाग से प्रशासनिक अधिकारी महेन्द्र कुमार जैन, ग्राम पंचायत शेरपुर के सरपंच ओमप्रकाश सैनी, ग्राम विकास अधिकारी बृजेश पाराशर, वन विभाग से नर्सरी इंचार्ज महेन्द्र मीना, पंचायतीराज विभाग से सहायक विकास अधिकारी प्रकाश त्रिवेदी, डिप्टी एलएडीसी वीरेन्द्र कुमार वर्मा, पैनल अधिवक्ता अभय कुमार गुप्ता, न्यायमित्र नन्दकिशोर बैरवा एवं तपेश जैन, अधिकार मित्र मुकेश कुमार शर्मा, धनराज मीना, गिर्राज रैगर, मगनलाल मीणा, बुनियाद अली, सुनिता जोनवाल, रिंकी सैन, अनिता कंवर सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।