logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

एसयू कॉलेज में एनएसएस ने चलाया तंबाकू विरोधी अभियान , युवाओं को दिलाया संकल्प

हिलसा(नालंदा)। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, एस. यू. कॉलेज, हिलसा द्वारा आज महाविद्यालय परिसर में “टोबैको फ्री एजुकेशनल इंस्टीट्यूट अवेयरनेस प्रोग्राम” का भव्य आयोजन किया गया। “टोबैको फ्री कैंपस : स्वस्थ युवा, सुरक्षित भविष्य” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं समाज के बीच तंबाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा एक स्वस्थ एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शिवचन्द्र सिंह ने की, जबकि मंच संचालन मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्षा सह राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ पिंकी कुमारी ने किया। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों की जिम्मेदारी केवल शैक्षणिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक एवं नैतिक रूप से भी जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि आज के युवा यदि नशामुक्त जीवन का संकल्प लें, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन अवश्य आएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में “गुटखा छोड़ो आंदोलन” के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत निर्वाचन आयोग के नालंदा जिला स्वीप आइकन डॉ आशुतोष कुमार मानव उपस्थित रहे। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा कि तंबाकू एवं नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है। यह केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज एवं राष्ट्र की प्रगति में भी बाधक बनता है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि देश का युवा वर्ग नशे से दूर रहेगा, तभी स्वस्थ एवं विकसित भारत का निर्माण संभव हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि “नशा, नाश की जड़ है” और इसकी गिरफ्त में आने वाला व्यक्ति धीरे-धीरे अपने स्वास्थ्य, सम्मान, परिवार एवं भविष्य सब कुछ खो देता है। उन्होंने छात्रों को जागरूक करते हुए कई प्रेरणादायक नारे भी बुलंद किए, जिनमें — “नशा का जो हुआ शिकार, उजड़ा उसका घर-परिवार”, “तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो”, तथा “स्वस्थ युवा, राष्ट्र की शक्ति” जैसे नारों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह का संचार किया। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसर पूरी तरह टोबैको फ्री होना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी एक स्वस्थ वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सके।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. शिवचन्द्र सिंह ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा एवं प्रतिभा को नष्ट कर देता है, इसलिए प्रत्येक छात्र-छात्रा को इससे दूर रहना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय परिसर को पूर्णतः टोबैको फ्री बनाए रखने के लिए सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच नशामुक्ति को लेकर जागरूकता संवाद भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा नशे से होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त किए। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग एवं कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग को इसके खिलाफ जागरूक होना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे आजीवन किसी भी प्रकार के नशा एवं धूम्रपान का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर डॉ पीसी चौरसिया, डॉ घनश्याम कुमार, डॉ शिव प्रसाद ठाकुर, डॉ सम्राट सरकार, डॉ संदीपा इंद्रा, डॉ अभिषेक कुमार, डॉ पंकज कुमार सिंह, डॉ राजीव नयन सिंह, डॉ मनोज कुमार, डॉ कुमारी लुसी, सुभद्रा सिन्हा, कुमार पवन, रोनित रॉय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं नशामुक्त समाज निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

25
1868 views

Comment