JAMTARA : जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता, 5 साइबर अपराधी गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता, 5 साइबर अपराधी गिरफ्तार
जामताड़ा (झारखंड)। पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी राकेश मंडल के नेतृत्व में करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतनडीह पहाड़िया टोला के समीप की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को ऑनलाइन ठगी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा, जबकि एक अन्य आरोपी को फर्जी सिम कार्ड के साथ गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में साइबर अपराध थाना में दो अलग-अलग कांड दर्ज किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में रिजवान अंसारी, बसीर अंसारी, सकोलन अंसारी, मकबूल अंसारी एवं जुगनाहिद अंसारी शामिल हैं। सभी आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड, 3 एटीएम कार्ड, 1 पैन कार्ड, 1 आधार कार्ड तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
जांच में सामने आया कि आरोपी क्रेडिट एवं डेबिट कार्ड धारकों के नंबर इंटरनेट से प्राप्त कर ग्राहकों को बैंक खाता बंद होने का डर दिखाते थे। इसके बाद स्क्रीन शेयरिंग के माध्यम से मोबाइल की जानकारी हासिल कर कार्ड डिटेल और गोपनीय नंबर लेकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। वहीं एक आरोपी फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने का काम करता था।
पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क महाराष्ट्र, गुजरात एवं पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ है। मुख्य आरोपी रिजवान अंसारी पूर्व में भी साइबर अपराध के मामले में आरोपी रह चुका है।
इस कार्रवाई में साइबर अपराध थाना प्रभारी राकेश मंडल, पुनीत कुमार, संजय कुमार सिंह एवं कुंदन कुमार वर्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।