JAMSHEDPUR : नशे के खिलाफ प्रशासन सख्त, डीसी ने संयुक्त कार्रवाई तेज करने का दिया निर्देश
नशे के खिलाफ प्रशासन सख्त, डीसी राजीव रंजन ने संयुक्त कार्रवाई तेज करने का दिया निर्देश
जमशेदपुर (झारखंड)। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने एसडीओ एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार एवं युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक में संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान तेज करने, स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास विशेष निगरानी बढ़ाने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज, प्रशासन और अभिभावकों की सामूहिक भागीदारी बेहद जरूरी है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री या अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम 0657-2431028 पर साझा करें।