logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

NEET पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

NEET पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

पांढुर्णा

NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी पांढुर्णा के तत्वावधान में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर पांढुर्णा को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि देश के लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य और सपनों का आधार है। कई परिवार कर्ज लेकर अपने बच्चों को वर्षों तक तैयारी करवाते हैं ताकि वे डॉक्टर बनकर देश की सेवा कर सकें, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनती विद्यार्थियों के सपनों को तोड़ रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भ्रष्ट व्यवस्था और लापरवाही के कारण लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य संकट में पड़ गया है। अलग-अलग राज्यों में परीक्षा रद्द होने और लगातार अनिश्चितता के माहौल से छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं के कारण कई विद्यार्थियों ने निराश होकर आत्महत्या तक कर ली, जो बेहद दुखद और चिंताजनक है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने जैसी घटनाएं युवाओं का मनोबल तोड़ रही हैं और उनकी वर्षों की मेहनत पर पानी फेर रही हैं। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोर व्यवस्था लागू की जाए।

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि देश का युवा भारत के भविष्य की नींव है और युवाओं की मेहनत, संघर्ष एवं सपनों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

12
541 views

Comment