logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

लंका में हॉर्न बजाने के विवाद में कार सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली

वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार की रात करीब 10:30 बजे रमना नुवांव सब्जी मंडी के पास अज्ञात कार सवार बदमाशों ने बाइक से घर लौट रहे चाचा-भतीजे पर जानलेवा हमला करते हुए गोलीबारी की। इस फायरिंग में भतीजे के हाथ में गोली लगी है, जबकि चाचा बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

ओवरटेक कर मारी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नुवांव (लंका) के रहने वाले अरुण सिंह शनिवार रात अपने भतीजे पवन सिंह के साथ सुसुवाही कर्मनवीर से बाइक द्वारा घर वापस लौट रहे थे। अरुण सिंह ने बताया कि जब वे बाईपास चौराहे के पास पहुंचे, तभी से एक काले रंग की क्रेटा कार उनका पीछा करने लगी और बार-बार ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी।

घर से कुछ ही दूरी पहले, कार में सवार बदमाशों ने उन्हें लक्ष्य कर गोली चला दी। अरुण सिंह के मुताबिक, वह समय रहते नीचे की तरफ झुक गए, जिससे गोली उनके बगल में बैठे भतीजे पवन सिंह के बाएं हाथ में जा लगी। बदमाशों ने इसके बाद एक और राउंड फायर किया, लेकिन वह मिस हो गया।

प्रयागराज की तरफ भागे बदमाशचलने की आवाज सुनकर जब तक आस-पास के स्थानीय लोग मौके पर जुटते, तब तक हमलावर कार लेकर प्रयागराज हाईवे की तरफ तेजी से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों की कार काले रंग की थी और उसकी नंबर प्लेट पर शुरुआती कोड प्रयागराज का अंकित था।

घटना के बाद मौके पर पहुंची लंका थाना पुलिस ने घायल पवन सिंह को परिजनों की मदद से तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार और इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।

हॉर्न बजाने के विवाद की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि कार सवार बार-बार हॉर्न बजा रहे थे, जिसे लेकर रास्ते में कुछ कहासुनी या विवाद हुआ था। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

0
57 views

Comment