RANCHI : डोरंडा थाना पुलिस को बड़ी सफलता : पांच लाख की चोरी कांड का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार
डोरंडा थाना पुलिस को बड़ी सफलता : पांच लाख की चोरी कांड का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार
रांची (झारखंड)। डोरंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजपेयी पथ स्थित एक बंद घर में 8 मई 2026 को हुई करीब पांच लाख रुपये के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में डोरंडा थाना कांड संख्या 121/26, धारा 305 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है।
हटिया पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर मो. नकीब उर्फ सोनार, मो. सारिक उर्फ शाहरुख, मो. सिमराज, मो. जेद, मो. सैफ उर्फ सैम और मो. कैफ उर्फ खुर्शु को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके निशानदेही पर चोरी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मो. नकीब और मो. सैफ चोरी के जेवरों की खरीद-बिक्री का काम भी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने की अंगूठियां, नोजपिन, मंगलसूत्र का लॉकेट, कान के टॉप्स, चांदी के पायल, बिछिया, कमर खोसनी समेत बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा आईफोन-15, सैमसंग, मोटोरोला और रेडमी कंपनी के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
बरामद सोने का कुल वजन 21.6 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.20 लाख रुपये है। वहीं लगभग 1.5 लाख रुपये के सोने के जेवर गलाकर बेच दिए गए थे। चांदी के कुल 219.48 ग्राम आभूषण की कीमत करीब 63 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि लगभग 1.5 लाख रुपये की चांदी भी गलाकर बेच दी गई थी।
इस कार्रवाई में डोरंडा थाना और हटिया पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।