मेरठ से रोजगार दोसामाजिक न्याय दो पदयात्रा के पांचवें चरण का करेंगे शुभारंभ संजय सिंह
लखनऊ: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार से मेरठ से शुरू होने वाली रोजगार दोसामाजिक न्याय दो पदयात्रा के पांचवें चरण के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुभारंभ का ऐलान करते हुए कहा कि 16 मई से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक पदयात्रा हर हाल में निकाली जाएगी और प्रशासन को इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब तक पदयात्रा के चारों चरण शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं, ऐसे में पांचवें चरण की अनुमति को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति समझ से परे है। उन्होंने भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने, रोजगार के अवसर खत्म करने, भर्ती परीक्षाओं को भ्रष्टाचार और पेपर लीक की भेंट चढ़ाने तथा जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।
वहीं पार्टी के मेरठ जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता अंकुश चौधरी ने कहा कि यह पदयात्रा सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का जनआंदोलन बन चुकी है।
संजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से जारी संदेश में कहा कि अगर पदयात्रा के पहले चार चरणों में प्रशासन को कोई समस्या नहीं हुई तो मेरठ से गाजियाबाद तक निकलने वाली पदयात्रा की अनुमति में आखिर क्या दिक्कत है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि 16 मई से 20 मई तक पदयात्रा तय कार्यक्रम के अनुसार निकलेगी और प्रशासन अपना इंतज़ाम करे। उन्होंने कहा कि जनता का अभूतपूर्व समर्थन यह साबित कर रहा है कि देश और प्रदेश की जनता अब रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय के सवालों पर निर्णायक संघर्ष चाहती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने लाखों युवाओं के सपनों को कुचलने का काम किया है। शिक्षित नौजवान डिग्रियां लेकर बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं, लेकिन सरकार रोजगार देने के बजाय केवल विज्ञापन और झूठे प्रचार में लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होना अब सामान्य घटना बन चुका है और मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य लगातार बर्बाद किया जा रहा है। सरकार मूकदर्शक बनी हुई है जबकि परीक्षा माफिया खुलेआम युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि जब तक युवाओं को सम्मानजनक रोजगार नहीं मिलेगा, तब तक विकास के सभी दावे खोखले साबित होंगे। उन्होंने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि जो लोग रोजगार, बेहतर शिक्षा व्यवस्था, सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों को सम्मान और सामाजिक न्याय की रक्षा चाहते हैं, उन्हें इस आंदोलन का हिस्सा बनना होगा।
उन्होंने कहा कि जनता की ताकत लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और आम आदमी पार्टी इसी ताकत को लेकर सड़कों पर उतर रही है। उन्होंने बताया कि 7500040004 पर मिस्ड कॉल देकर कोई भी व्यक्ति इस जनआंदोलन से जुड़ सकता है।
आम आदमी पार्टी मेरठ के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता अंकुश चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को जाति और धर्म के नाम पर बांटकर असली मुद्दों से ध्यान हटाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर है, किसान कर्ज में डूबा हुआ है, नौजवान बेरोजगार है और गरीब आदमी इलाज व शिक्षा के लिए परेशान है, लेकिन सरकार इन बुनियादी सवालों का जवाब देने के बजाय समाज में नफरत फैलाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि रोजगार दोसामाजिक न्याय दो पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। पदयात्रा के दौरान गांव-गांव, कस्बों और शहरों में जाकर युवाओं, किसानों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों और वंचित समाज के लोगों से संवाद किया जाएगा।
आम आदमी पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी और सरकार को जनता के सवालों का जवाब देने के लिए मजबूर करेगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक दल की नहीं, बल्कि देश और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाने की लड़ाई है।