13 कंपनियां देंगी युवाओं को नौकरी का मौका, खरखौदा ITI में लगेगा रोजगार मेला।
खरखौदा/सोनीपत/सोमपाल सैनी - 7988804545, 8950236002
खरखौदा : युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर देने के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खरखौदा में 19 मई को प्रातः 9 बजे रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में 13 प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयां हिस्सा लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन करेंगी।
रोजगार मेले में टोरंटेक इलेक्ट्रॉनिक कंपनी के जीएम हरप्रीत सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस दौरान युवाओं को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ कौशल विकास और करियर मार्गदर्शन की जानकारी भी दी जाएगी।
आईटीआई प्रिंसिपल संदीप अहलावत ने बताया कि मेले में होम लॉजिस्टिक, टोरंटेक इलेक्ट्रॉनिक, अजीत इंडस्ट्रीज, प्रगति मोटर्स, विक्ट्री ई.वी.एल, के.आर. ऑटो, आरके मनोज एंड कंपनी समेत अन्य कंपनियां शामिल होंगी। ये कंपनियां विभिन्न ट्रेड के युवाओं का साक्षात्कार कर चयन करेंगी।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में आईटीआई पास अभ्यर्थियों के अलावा अन्य इच्छुक युवा भी भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा साथ लाना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शुरू होगी, इसलिए अभ्यर्थी समय पर संस्थान पहुंचें।
प्रिंसिपल अहलावत ने कहा कि इस तरह के रोजगार मेले युवाओं को उद्योगों से सीधे जोड़ने का अहम माध्यम हैं। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार मिल सकेगा और कंपनियों को कुशल कर्मचारी मिलेंगे। उन्होंने जिले के सभी इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचने की अपील की है।
रोजगार मेले को लेकर युवाओं में उत्साह है। आईटीआई प्रशासन ने मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।