सोनीपत पुलिस ने नकली हार्पिक फैक्ट्री मामले में एक आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजा जेल
सोनीपत, 13 मई जिले के थाना मुरथल की पुलिस टीम ने नकली ब्रांडेड टॉयलेट क्लीनर बनाने एवं सप्लाई करने वाले गिरोह के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान परवेश पुत्र राजवीर निवासी गांव बखेता, जिला रोहतक के रूप में हुई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया गया कि दिनांक 20 अप्रैल 2026 को पप्पू कुमार द्वारा थाना मुरथल में शिकायत दी गई थी कि गांव शाहपुर तुर्क में नकली HARPIC टॉयलेट क्लीनर तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। शिकायत प्राप्त होने पर थाना मुरथल पुलिस ने कंपनी प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की कार्रवाई की, छापेमारी के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में नकली उत्पाद एवं पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान में लगभग 5832 भरी हुई 500 ML HARPIC बोतलें, 11000 खाली बोतलें, 2750 खाली एक लीटर की बोतलें, 15000 ढक्कन, 1200 भरी हुई RED HARPIC बोतलें तथा लाखों की संख्या में नकली स्टिकर शामिल हैं। पुलिस ने मौके से नमूने कब्जे में लेकर शेष माल को सील कर जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नकली उत्पादों को असली ब्रांड के नाम पर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। इस संबंध में थाना मुरथल में कॉपीराइट एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की आगामी कार्रवाई के दौरान आरोपी परवेश द्वारा माननीय न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण किया गया। इसके उपरांत थाना मुरथल में नियुक्त उप निरीक्षक सुल्तान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की तथा आज दिनांक 13 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य आरोपियों एवं सप्लाई नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।