बोकारो : जमीन का हुआ हस्तांतरण बनेगा नया ग्रिड सबस्टेशन
बोकारो में लगातार बढ़ रही बिजली समस्या को दूर करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। चास के आईटीआई_मोड़ में बनने वाले 132/33 केवी ग्रिड सबस्टेशन के लिए 10 एकड़ जमीन ऊर्जा विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित कर दी गई है। जिला प्रशासन के अनुसार चास अंचल के मौजा कुमारदागा स्थित गैरमजरूआ खास भूमि को झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड के पक्ष में ट्रांसफर किया गया है। इस परियोजना के पूरा होने से चास और आसपास के इलाकों में लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और बढ़ती विद्युत मांग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। DC अजय नाथ झा ने कहा कि यह परियोजना शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को दीर्घकालिक लाभ देगी और बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी। अब देखना होगा कि ग्रिड सब स्टेशन का निर्माण कितनी तेजी से पूरा होता है और लोगों को इसका लाभ कब तक मिल पाता है।