logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मदर्स डे पर महिलाओं के संघर्ष को सलाम, तिरंगा चौक व्यापार संघ ने बढ़ाया हौसला

मेरठ। मातृ दिवस के अवसर पर तिरंगा चौक व्यापार संघ ने संघर्षरत महिलाओं के बीच पहुंचकर उनके साहस, धैर्य और एकजुटता को नमन किया। व्यापारियों ने महिलाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि जिस मजबूती के साथ वे अपने परिवार, आशियाने और बच्चों के भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही हैं, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा है।

इस दौरान क्षेत्र में भावुक माहौल देखने को मिला। व्यापार संघ के अध्यक्ष मनोज गर्ग सहित अन्य व्यापारियों ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एक मां केवल घर संभालने का काम नहीं करती, बल्कि हर संकट में अपने परिवार को टूटने से बचाने की सबसे बड़ी शक्ति बनकर खड़ी रहती है।

व्यापारियों ने भरोसा दिलाया कि समाज और व्यापारी वर्ग महिलाओं के इस संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शांतिपूर्ण एकजुटता और अपने अधिकारों के लिए उठाई गई आवाज निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम लेकर आएगी।

व्यापार संघ अध्यक्ष मनोज गर्ग ने कहा कि यह केवल कुछ परिवारों का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि पूरे क्षेत्र की भावनाओं से जुड़ा विषय बन चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन और प्रशासन जनता की भावनाओं को समझते हुए ऐसा समाधान निकालेगा, जिससे किसी को नुकसान न उठाना पड़े।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर द्वारा दिए गए आश्वासन का भी उल्लेख किया गया। व्यापारियों ने बताया कि राज्यमंत्री ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया है कि सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुन रही है और हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान कई महिलाओं ने भावुक होकर कहा कि वे अपने बच्चों और परिवार के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए संघर्ष कर रही हैं और उन्हें विश्वास है कि उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक जरूर पहुंचेगी।

मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने महिलाओं के साहस को सलाम करते हुए कहा - मां केवल परिवार की नींव नहीं होती, बल्कि संकट के समय पूरे समाज को दिशा देने की ताकत भी रखती है।

98
2886 views

Comment