logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

RANCHI : नगड़ी में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग, तीन आरोपी गिरफ्तार; दो पिस्टल और 13 जिंदा कारतूस बरामद

नगड़ी में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग, तीन आरोपी गिरफ्तार; दो पिस्टल और 13 जिंदा कारतूस बरामद

रांची पुलिस की त्वरित कार्रवाई में हथियारों का जखीरा जब्त, आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में

रांची (झारखंड)। जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, 13 जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किए हैं।

यह मामला नगड़ी थाना कांड संख्या-74/26, दिनांक 09 मई 2026, धारा 25(1-B)a/25(6)/26/27/35 आर्म्स एक्ट एवं 111(3)/308(4)/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 की शाम करीब 7:20 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कोलांबी गांव में जमीन विवाद को लेकर अनूप कुमार और उसके सहयोगियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय द्वितीय अरविंद कुमार सिंह की अगुवाई में विशेष छापामारी टीम गठित की गई।

छापामारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम तुरसों पहुंचकर संदिग्ध अनूप कुमार को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान अनूप कुमार ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि फायरिंग के बाद उसने दो पिस्टल और बचे हुए कारतूस अपने दोस्त रमेश गोप के घर में छिपा दिए थे।

इसके बाद पुलिस ने रमेश गोप के घर पर छापेमारी की, जहां से रमेश गोप और उसके सहयोगी प्रताप गोप को पकड़ लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो पिस्टल, 13 जिंदा राउंड कारतूस और तीन खोखा बरामद किए। बरामद हथियारों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने सभी बरामद हथियार और गोलियों को विधिवत जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अनूप कुमार, रमेश गोप और प्रताप गोप शामिल हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

इस कार्रवाई में नगड़ी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार समेत थाना के कई पुलिस अधिकारी और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

14
970 views

Comment