logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

RANCHI : टाटीसिलवे में अभिजीत तिवारी हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

टाटीसिलवे में अभिजीत तिवारी हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

रांची पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर सुलझाया मामला, हत्या में प्रयुक्त स्कूटी और मोबाइल बरामद

रांची (झारखंड)। पुलिस ने टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अभिजीत तिवारी हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में शामिल अपराधियों के पास से हत्या में प्रयुक्त स्कूटी और तीन एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किए हैं।

यह मामला टाटीसिलवे थाना कांड संख्या-41/2026, दिनांक 19 अप्रैल 2026, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। जानकारी के अनुसार 18 और 19 अप्रैल की रात सिपाही नदी किनारे मिलिट्री डेयरी फार्म के पास अभिजीत तिवारी का शव मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी और डीएसपी प्रथम के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम में टाटीसिलवे और नामकुम थाना पुलिस के साथ तकनीकी शाखा के जवानों को भी शामिल किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सूचना और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर चार अपराधियों की पहचान की। इनमें से तीन आरोपियों विशाल राम, सन्नी मिंज और आकाश सुजय बेक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि घटना की रात नामकुम थाना क्षेत्र स्थित जोरार के एक मैदान में शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान अभिजीत तिवारी उर्फ किट्टू वहां पहुंचा और आकाश सुजय बेक से शराब और बीयर की मांग करने लगा। शराब नहीं देने पर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अभिजीत ने मारपीट शुरू कर दी और शराब की बोतलें तोड़ने लगा।

इसके बाद विवाद हिंसक हो गया और वहां मौजूद युवकों ने अभिजीत तिवारी के साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसे जमीन पर पटककर गर्दन दबा दी, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को स्कूटी से सिपाही पुल के पास मिलिट्री डेयरी फार्म के समीप फेंककर फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों में विशाल राम (30 वर्ष), सन्नी मिंज (29 वर्ष) और आकाश सुजय बेक (32 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से होंडा एक्टिवा स्कूटी संख्या JH01BF 8137 और तीन एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं।

पूरे ऑपरेशन में डीएसपी अमर कुमार पांडेय, टाटीसिलवे थाना प्रभारी समेत नामकुम थाना और तकनीकी शाखा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

6
1088 views

Comment