PALAMU : पलामू में पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, दो पिकअप वैन से 22 गोवंशीय पशु बरामद, तीन गिरफ्तार
पलामू में पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, दो पिकअप वैन से 22 गोवंशीय पशु बरामद, तीन गिरफ्तार
पलामू (झारखंड)। जिले में पशु तस्करी के खिलाफ रात्री गश्ती के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर पाटन-जपलंगंज मुख्य सड़क पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां दो पिकअप वैन से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 22 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया गया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रात्री गश्ती के पदाधिकारियों को सूचना मिली थी कि ग्राम सगुना की ओर से दो पिकअप वाहनों में गोवंशीय पशुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद पुलिस एवं सशस्त्र बल द्वारा ग्राम केल्हार स्थित पाटन-जपलंगंज मुख्य सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया गया।
करीब 2:45 बजे सुबह एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें 13 भैंसों को बेहद क्रूरतापूर्वक बिना किसी संसाधन के लादा गया था। पूछताछ में चालक ने बताया कि एक अन्य पिकअप वाहन भी पशुओं को लेकर आगे चल रहा है। इसके बाद पुलिस ने दूसरे वाहन को भी रोक लिया। जांच में उस वाहन से एक बैल और आठ गाय समेत कुल 9 गोवंशीय पशु बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में वाहन चालक एवं मवेशी मालिकों ने स्वीकार किया कि पशुओं को अवैध व्यापार, परिवहन और तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। इसके बाद दोनों पिकअप वाहनों और पशुओं को जब्त कर थाना लाया गया।
इस संबंध में पाटन थाना कांड संख्या-79/2026 दिनांक 08.05.2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों पर बीएनएस की धारा 317(5), 61(2), पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम तथा झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में महताब अंसारी (35 वर्ष), आरिफ अंसारी (26 वर्ष) और गुरूद्दीन अंसारी (46 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी पाटन थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन, 13 भैंस तथा 9 गाय-बैल जब्त किए हैं। छापेमारी दल में पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के कई जवान शामिल थे।