मेरठ: बिजली तार और ट्यूबवेल चोरी के विरोध में किसान धरना
मेरठ: भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों किसान थाना जानी पहुंचे और 6 घंटे धरना प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि शेखपुरी जैनपुर के खेतों में देर रात लगभग 30 खंभों के तार चोरी हो गए, लेकिन पुलिस उचित कार्रवाई नहीं कर रही है। किसानों ने बताया कि डायल 112 को सूचना देने पर पुलिस ने कहा कि यह उनका काम नहीं है। इससे किसानों में भारी रोष उत्पन्न हुआ।
धरने के दौरान थाना अध्यक्ष ने मामले में अनभिज्ञता जताई, जिससे किसान और भड़क गए। उच्चाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी से फोन पर बात कर सभी प्रकरणों को संज्ञान में लेने और सप्ताह भर में समाधान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान मोनू टिकरी, बबलू, सनी सिसौला, हर्ष, लाला, केपी, उत्तम, वीरेंद्र, नवीन भूपगढ़ी, चिंकू, अनुज, विपुल सहित अन्य किसान मौजूद रहे।