logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मेरठ में बेकरी संचालक को मारी गोली, बदमाश फरार

मेरठ। नौचंदी इलाके में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बदमाशों ने एक कन्फेक्शनरी संचालक को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में चार टीमें गठित कर दी हैं।

जानकारी के अनुसार, कुटी चौराहा निवासी अनिल कुमार की नौचंदी के एल-ब्लॉक चौराहे के पास “न्यू डिलीशियस कन्फेक्शनरी” नाम से दुकान है। घटना के समय दुकान पर उनका भतीजा राहुल मौजूद था। इसी दौरान कार से आए दो युवक दुकान पर पहुंचे और पेटीज खरीदी।

पेटीज लेने के बाद दोनों युवक बिना पैसे दिए जाने लगे। जब राहुल ने उनसे पैसे मांगे तो उन्होंने कहा कि खाने के बाद भुगतान करेंगे। कुछ देर बाद दोनों युवक वापस लौटे और पूछा कि पैसे किसने मांगे थे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, एक युवक ने पिस्तौल निकालकर राहुल पर फायर कर दिया।

गोली राहुल के सीने के निचले हिस्से में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े। गोली चलाने के बाद आरोपी तुरंत फरार हो गए। कर्मचारियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।

घायल राहुल को तुरंत गढ़ रोड स्थित न्यूटीमा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और पूरे इलाके को सील कर दिया गया।

करीब दो घंटे तक पुलिस ने मौके पर गहन जांच की। दुकान को फिलहाल बंद कर दिया गया है और बाहर ‘डू नॉट क्रॉस’ स्ट्रिप लगा दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध कार की लोकेशन ट्रैक करने के लिए मोबाइल सर्विलांस व कॉल डिटेल रिकॉर्ड की मदद ली जा रही है।

पॉश इलाके में हुई इस फायरिंग की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच तेजी से जारी है।

6
310 views

Comment