RAMGARH : डेली मीटिंग पहल की शुरुआत, थाना प्रभारी प्रतिदिन बैठक कर प्रत्येक पदाधिकारी/कर्मी की टास्क ऑफ द डे का करेंगे निर्धारण
डेली मीटिंग पहल की शुरुआत, थाना प्रभारी प्रतिदिन बैठक कर प्रत्येक पदाधिकारी/कर्मी की टास्क ऑफ द डे का करेंगे निर्धारण
रामगढ़ (झारखंड)। किसी भी पुलिस व्यवस्था में अपराध नियंत्रण, काण्डों के उद्भेदन एवं विधि-व्यवस्था संधारण में थाना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जिसके लिये यह आवश्यक हैं कि थाना के सभी पदाधिकारी/कर्मी इस उद्देश्य की प्राप्ति में अपनी भूमिका सही तरीके से निभाये। साथ ही साथ यह भी आवश्यक है कि थाना स्तर पर अपराध नियंत्रण, काण्डो के उद्भेदन एवं विधि-व्यवस्था सधारण से संबंधित अभिलेखों/कर्तव्यों की वस्तु स्थिति पर दैनिक रूप से निगरानी रखी जाए, ताकि पदाधिकारी/कर्मी, विधि-व्यवस्था संधारण,अपराध नियंत्रण एवं उद्भेदन में इनकी मदद ले सके।
रामगढ़ पुलिस द्वारा इसी उद्देश्य की प्राप्ति हेतु थाना स्तर पर डेली मीटिंग की नई पहल की शुरुआत की गई है। *इस क्रम में पुलिस अधीक्षक रामगढ़ द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु एवं पतरातु थाना के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर इस पहल की शुरुआत की गई।
इसके तहत थाना में पदस्थापित प्रत्येक पदाधिकारी/कर्मी की भूमिका का निर्धारण करते हुए उनके द्वारा किये जाने वाले कार्यो के अभिलेखन हेतु एक विहित-प्रपत्र(टास्क ऑफ़ द डे ) तैयार किया गया है। सभी थाना प्रभारी प्रतिदिन प्रातःकाल में थाना में पदस्थापित पदाधिकारियों के साथ दैनिक बैठक करेंगे।
इस बैठक में पदाधिकारीवार लंबित वारंट/कुर्की/सम्मन के निष्पादन, फिरारियों की गिरफ्तारी,आरोप पत्रित अपराधिकर्मियों के भौतिक सत्यापन, थाना में लंबित चरित्र एवं पासपोर्ट सत्यापन,सी0सी0टी0एन0एस0 प्रविष्टि, लंबित काण्डों के अनुसंधान एवं निष्पादन एवं e- साक्ष्य, विधि-व्यवस्था संधारण तथां आवश्यकतानुसार विविध कार्यों का विभाजन एवं निर्धारण करते हुए टास्क ऑफ़ द डे तय करेंगे , ताकि प्रत्येक पदाधिकारी की भूमिका एवं जबाबदेही तय की जा सके।
सभी थाना प्रभारी अगले बैठक के दिन विगत दिन के प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे तथा संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
संबंधित अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी/पुलिस निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्राधिकार के थानों में प्रत्येक सप्ताह में कम से कम 01 (एक) बार किसी एक थाना की दैनिक बैठक का संचालन करते हुए थाना प्रभारी एवं अन्य पदस्थ पदाधिकारियों के प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे।
किसी भी पदाधिकारी द्वारा गैर-अनुपालन एवं लापरवाही बरते जाने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।