शामली में राशन घोटाले का खुलासा: 289 क्विंटल अनाज गायब, डीलर पर केस दर्ज
शामली जिले में सरकारी राशन वितरण प्रणाली में बड़ा घोटाला सामने आया है।
शामली में राशन घोटाले का खुलासा: 289 क्विंटल अनाज गायब, डीलर पर केस दर्ज
शामली जिले में सरकारी राशन वितरण प्रणाली में बड़ा घोटाला सामने आया है। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा कला में खाद्य विभाग की जांच के दौरान राशन डीलर की दुकान से 289 क्विंटल गेहूं और चावल कम पाए गए, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जांच के बाद विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित डीलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर मिला, जो सीधे तौर पर अनाज की कालाबाजारी की ओर इशारा करता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से राशन वितरण में अनियमितताएं चल रही थीं। कई कार्डधारकों को पूरा राशन नहीं मिल रहा था, जिसकी शिकायतें लगातार की जा रही थीं। बावजूद इसके, समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, इस मामले में दुकान के निलंबन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। नियमों के अनुसार इतनी बड़ी गड़बड़ी पर तत्काल निलंबन होना चाहिए था, लेकिन अभी तक ऐसी कोई कार्रवाई सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस और सप्लाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उच्च अधिकारियों की निगरानी में पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
रिपोर्टर
सुमित कुमार उपाध्याय