राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता–2026 का भव्य शुभारम्भ
मेरठ कॉलेज, मेरठ के विधि संकाय में राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन दिल्ली उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति विवेक चौधरी ने किया।
अपने संबोधन में न्यायमूर्ति विवेक चौधरी ने विधि शिक्षा में मूट कोर्ट की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मूट कोर्ट छात्रों की तर्कशक्ति, व्यक्तित्व विकास और व्यावहारिक कानूनी समझ को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए प्रतिभागियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के.के. शर्मा ने अपने 45 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक सफल अधिवक्ता बनने के लिए निरंतर अध्ययन, ईमानदारी और गहन विधिक ज्ञान अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर युधवीर सिंह ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया, वहीं विधि विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. प्रवीण दुबलिश ने देशभर से आए प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए मूट कोर्ट प्रतियोगिता की उपयोगिता और प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कुल ₹51,000 की पुरस्कार राशि विजेता टीम, बेस्ट म्यूटर, बेस्ट रिसर्चर तथा बेस्ट मेमोरियल को प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. ओ.पी. अग्रवाल ने की। मानद सचिव विवेक गर्ग एवं पूर्व अध्यक्ष डॉ. राम कुमार गुप्ता ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं। धन्यवाद ज्ञापन सेवानिवृत्त अधिष्ठाता प्रोफेसर के.के. मित्तल द्वारा प्रस्तुत किया गया।
उद्घाटन सत्र के उपरांत प्रतियोगिता के प्रारंभिक दौर आयोजित किए गए, जिनमें देशभर से आई 30 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन जिला न्यायाधीशों, अतिरिक्त जिला न्यायाधीशों, सेवानिवृत्त न्यायाधीशों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं विधि शिक्षकों के प्रतिष्ठित पैनल द्वारा किया गया। चयनित टीमें अब सेमीफाइनल दौर में प्रतिस्पर्धा करेंगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक प्रोफेसर एम.पी. वर्मा एवं अनुराग सिंह सहित अनेक शिक्षकों और आयोजकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों और सेवानिवृत्त शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढाई।