logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

IBS में प्रेरणादायक व्याख्यान, 100 करोड़ के एग्री-बिजनेस की सफलता कहानी साझा

मेरठ। मेरठ चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के इंस्टिट्यूट ऑफ बिजनेस स्टडीज (IBS) में शुक्रवार को एक प्रेरणादायक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) सुभाष देशवाल, संस्थापक एवं सीईओ, सनशाइन वेजिटेबल्स प्रा. लि., ने छात्रों को संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं संकाय सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।

अपने संबोधन में कर्नल देशवाल ने बताया कि भारतीय सेना में लगभग 20 वर्षों की सेवा के बाद उन्होंने कृषि क्षेत्र में कदम रखा। शुरुआती संघर्षों और चुनौतियों के बावजूद उन्होंने नवाचार और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का सफल कृषि व्यवसाय स्थापित किया।

उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से पहली बार शीतित (Refrigerated) गाजरों को सड़क मार्ग से मुंबई तक सफलतापूर्वक पहुँचाया गया, जिसने कृषि लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोले।

उन्होंने छात्रों को उद्यमिता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि व्यवसाय में सफलता के लिए गुणवत्ता, मात्रा और प्रतिबद्धता तीनों का संतुलन अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे छोटे स्तर से शुरुआत करें, धैर्य बनाए रखें और केवल विचारों तक सीमित न रहकर उन्हें क्रियान्वित करें।

कर्नल देशवाल के विचार:
“जीवन ऐसा जिएं कि पहचान के बिना न जाएं।”
“सफलता के लिए जरूरी है कि आप भरोसेमंद बनें और अपने वादों पर कायम रहें।”
“केवल योजना नहीं, एक्शन ही आपको आगे बढ़ाता है।”

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका कर्नल देशवाल ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। यह सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

संस्थान के निदेशक प्रो. अतिवीर सिंह ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. स्वाति अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. मनु शर्मा (प्लेसमेंट ऑफिसर) रहे। इस अवसर पर संस्थान के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिनके सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

0
88 views

Comment