■ झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह को हटाने की मांग l
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू का कहना है कि पिंड्राजोरा थाना मामले में एक साथ 28 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करना गलत है और यह प्रशासन की नाकामी को दिखाता है। इस मामले की सही समय पर जांच और कार्रवाई नहीं हो पाई, जिसकी जिम्मेदारी एसपी की है। उनका आरोप है कि अपनी गलती छिपाने के लिए एक ही थाने के इतने सारे पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया, जो सही नहीं है। एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि जिन पुलिसकर्मियों पर कोई दोष नहीं है, उनका सस्पेंशन तुरंत हटाया जाए। साथ ही ट्रांसफर और पोस्टिंग में पारदर्शिता लाई जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे आगे आंदोलन करेंगे। दरअसल, पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में एक लड़की के लापता होने का मामला सामने आया था। परिवार ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया था, जिसके बाद मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया। पिछले हफ्ते पुलिस ने एक कंकाल बरामद कर उसे उसी लड़की का बताया। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए एसपी ने थाना प्रभारी समेत 28 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
इस पूरे मामले के बाद पुलिस विभाग के काम करने के तरीके और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना है कि सरकार इस पर क्या फैसला लेती है।