एनएचएम एवं एम्स के बीच हुआ एमओयू स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त एवं वैज्ञानिक आधार पर करेंगे विकसित करने
रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर इस वर्ष की थीम “टुगेदर फॉर हेल्थ: स्टैंड विथ साइंस” के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त एवं वैज्ञानिक आधार पर विकसित करने की दिशा में कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल में अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा कार्यकारी निदेशक, एम्स भोपाल प्रो.डॉ माधवानंद कर के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू के अंतर्गत एम्स भोपाल के विषय-विशेषज्ञों द्वारा प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोग (एनसीडी), सिकल सेल, रेयर डिजीज, कैंसर एवं एनीमिया जैसे प्रमुख स्वास्थ्य क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाएगा। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में उपचार हेतु प्रोटोकॉल एवं स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) तैयार किए जाएंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही, इस समझौते के माध्यम से अत्याधुनिक तृतीयक (टर्शरी) चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण गतिविधियों को भी एम्स भोपाल के सहयोग से सुदृढ़ किया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य आयुक्त धनराजू एस, मिशन संचालक (एनएचएम) डॉ सलोनी सिडाना सहित, अतिरिक्त मिशन संचालक, इंदौर, ग्वालियर एवं जबलपुर संभाग के समस्त मेडिकल कॉलेजों के डीन, क्षेत्रीय संचालक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला लेखा प्रबंधक एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।