logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

खरखौदा में स्वच्छता अभियान का नया आगाज: चेयरमैन ने नारियल फोड़कर किया RFID चिप लगाने के कार्य का शुभारंभ।

खरखौदा/सोनीपत/सोमपाल सैनी - 7988804545, 8950236002

शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया है। सोमवार, 6 अप्रैल को खरखौदा शहर में 'डोर-टू-डोर' कचरा संग्रहण के लिए घरों के बाहर RFID (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) चिप लगाने के कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई। इस परियोजना का शुभारंभ नगर पालिका चेयरमैन हीरालाल इंदौरा के निवास स्थान के बाहर पहली चिप लगाकर किया गया।

​इस अवसर पर चेयरमैन हीरालाल इंदौरा ने विधिवत रूप से नारियल फोड़ा और उपस्थित लोगों के बीच लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि शहर के हर घर के बाहर लगने वाले ये RFID टैग सीधे प्रॉपर्टी आईडी से लिंक होंगे। चेयरमैन ने शहरवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि खरखौदा को स्वच्छ बनाने की इस मुहिम में आमजन प्रशासन का पूरा सहयोग करें।

​गौरतलब है कि पिछले दिनों कुछ पार्षदों ने प्रेस वार्ता के जरिए अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी थी कि कचरा संग्रहण के टेंडर और शर्तों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद सोनीपत निगम आयुक्त से मिले आश्वासन के बाद रोहतक नगर निगम की तर्ज पर खरखौदा में भी इस स्मार्ट सिस्टम को लागू किया गया है। अप्रैल माह में पूरा होगा लक्ष्य, मौके पर मौजूद पार्षद नवीन दहिया ने जानकारी दी कि ​शहर के सभी घरों में चिप लगाने के लिए 10 विशेष टीमों का गठन किया गया है।

​इस कार्य को इसी अप्रैल माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। चिप लगने के तुरंत बाद ठेकेदार द्वारा छोटा हाथी और ई-रिक्शा के जरिए कचरा उठाना शुरू कर दिया जाएगा।
​मोबाइल से होगी निगरानी: GPS और RFID का संगम नई व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत इसकी पारदर्शिता है। पार्षद नवीन ने बताया कि सभी कचरा संग्रहण वाहनों में GPS सिस्टम और RFID रीडर लगे होंगे। इसका डेटा एक सार्वजनिक सरकारी पोर्टल पर उपलब्ध होगा, जिससे कोई भी आम नागरिक अपने मोबाइल फोन से देख सकेगा कि कचरा गाड़ी उसके इलाके में आई है या नहीं।

​पार्षद नवीन दहिया ने जनता से अनुरोध किया कि जब भी चिप लगाने वाली टीमें उनके घर पहुंचें, तो वे बिना किसी रुकावट के चिप लगवाने में मदद करें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस तकनीक से शहर की सफाई व्यवस्था से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्या का जड़ से समाधान हो जाएगा।

​इस अवसर पर कार्यक्रम के दौरान पार्षद नवीन, जसबीर, अनूप, प्रमोद, अनिल सहित पार्षद प्रतिनिधि अनिल मित्र, मुकेश, सोनू, सीताराम और अन्य गणमान्य व्यक्ति मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

201
4719 views

Comment