हनुमान जयंती पर मंदिरों में उमड़ी भारी भीड, सुंदरकांड के पाठ हुए
व्यापार संघ पदाधिकारियों ने भी बाबा की पूजा अर्चना की
मेरठ। हनुमान जयंती के अवसर पर गुरुवार को मेरठ पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया। शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने बजरंगबली के दर्शन कर सुख-समृद्धि और शक्ति की कामना की।
इस दौरान जहां मंदिरों में सुंदरकांड का पाठ हुआ वही महानगर में जगह-जगह भंडारे आदि भी लगे दिखाई दिये। पीएल शर्मा रोड सिद्ध पंचमुखी हनुमान मंदिर में हनुमान जी को 11 हजार लड्डू का भोग लगाया गया।
मुख्य यजमान सुधीर रस्तौगी और शिप्रा रस्तौगी रहीं। पंडित कैलाश दत्त ने बताया कि रामचरितमानस का पांचवां कांड सुंदरकांड हैं। इसमें हनुमान जी के पराक्रम, बुद्धि और भक्ति का वर्णन है।
इस अवसर पर मुकुल मित्तल, योगेश वर्मा, रोहित कुशवाह, जयप्रकाश, प्रदीप आदि रहे। वहीं, वेस्ट एंड रोड पर सिद्धपीठ संकट मोचन श्री बालाजी एवं शनि शक्तिपीठ शनिधाम मंदिर में कष्ट निवारक अखंड हनुमान चालीसा पाठ किया गया।
इस दौरान महामंडलेश्वर शनि पीठाधीश्वर महेंद्र दास ने बताया कि बुधवार दोपहर 12 बजे अखंड पाठ के समापन के बाद आज दो अप्रैल को शोभायात्रा निकाली गई। वहीं, बुढ़ाना गेट सिद्धपीठ हनुमान मंदिर में कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने ज्योत प्रज्जवलित की। स्वामी बुद्धिराजा ने बाबा का गुणगान किया।
वहीं वामन भगवान मंदिर में संयुक्त व्यापार संघ पदाधिकारी बाबा के दर्शन को पहुंचे। इस अवसर पर बिजेन्द्र अग्रवाल, अजय गुप्ता, सरदार दलजीत सिंह, गणेश अग्रवाल, अनिल जैन, अंकित गुप्ता मनु आदि मौजूद रहे।