हवन के साथ नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ।
खरखौदा/सोनीपत/सोमपाल सैनी - 7988804545, 8950236002
खरखौदा के स्थानीय के.डी. इंटरनेशनल स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन का स्वागत बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ किया गया।
स्कूल परिसर में आयोजित एक विशेष हवन कार्यक्रम के साथ नए सत्र की विधिवत शुरुआत हुई। सत्र के पहले दिन विद्यालय परिसर वैदिक मंत्रों की गूंज से सराबोर रहा।
इस पावन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य तृप्ति नेगी, समस्त शिक्षक वर्ग और छात्र-छात्राओं ने पूर्ण श्रद्धा के साथ हवन कुंड में आहुतियां डालीं। हवन के माध्यम से ईश्वर से सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और शैक्षणिक सफलता की मंगलकामना की गई।
प्रधानाचार्य तृप्ति नेगी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में अनुशासन, परिश्रम और निरंतर अध्ययन का महत्व समझाया। उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि "विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र के पहले दिन से ही अपने लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए ताकि वे पूरे वर्ष एकाग्रता के साथ सफलता की ओर बढ़ सकें।"
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सत्र की शुरुआत में इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों से जोड़ना है। इससे न केवल वातावरण पवित्र होता है, बल्कि छात्रों में सकारात्मक सोच का भी संचार होता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों को प्रसाद वितरित किया गया, जिसके बाद विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी कक्षाओं का रुख किया।