रांची : एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
राॅंची (झारखंड)। एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रांची के कई एटीएम से ठगी कर चुके थे।
रांची एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि एटीएम कार्ड बदलकर पैसे की अवैध निकासी करने वाला गिरोह सक्रिय है।
गिरोह के दो शातिर अपराधी पल्सर मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों में घूम रहे हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसएसपी रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में सभी थानों में विशेष टीमों का गठन किया गया।
गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान रांची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के रेलवे ओवर ब्रिज के पास एक ब्लू कलर की पल्सर मोटरसाइकिल (रजि.सं. JH01CF-4430) पर हेलमेट पहने दो व्यक्ति दिखाई दिए।
पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। भागने के क्रम में पुलिस ने जुमार पुल के पास दोनों को सफलतापूर्वक पकड़ लिया।दोनों से मोटरसाइकिल के कागजात मांगे गए, लेकिन उन्होंने कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया।
पूछताछ पर दोनों ने अपना नाम विक्रम कुमार शर्मा उर्फ बिट्टू और धनंजय कुमार सिंह बताया। इसके बाद दोनों की तलाशी ली गई।तलाशी में विक्रम कुमार शर्मा के पास केनरा बैंक का एक एटीएम कार्ड, स्टेट बैंक का एक एटीएम कार्ड और एक स्मार्टफोन बरामद हुआ।
वहीं धनंजय कुमार सिंह के पास जन स्मॉल फाइनेंस बैंक का एक एटीएम कार्ड और एक मोबाइल बरामद हुआ।पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे एटीएम कार्ड बदलकर अवैध रूप से पैसे की ठगी करते हैं। दोनों ठगी करने के इरादे से रांची आए थे।
पूर्व में भी इनके द्वारा रांची के नामकुम थाना, बीआईटी मेसरा ओपी थाना, धनबाद जिले के सरायढेला थाना, जमशेदपुर के एमजीएम थाना, गिरिडीह के सरिया थाना एवं अन्य स्थानों पर एटीएम बदलकर ठगी की जा चुकी है।