JAMSHEDPUR : रामनवमी पर्व को लेकर मानगो के सभी अखाड़ा समितियों के साथ मेयर सुधा गुप्ता की बैठक
रामनवमी पर्व को लेकर मानगो के सभी अखाड़ा समितियों के साथ मेयर सुधा गुप्ता की बैठक
समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान का दिया आश्वासन
जमशेदपुर (झारखंड)। मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने आगामी रामनवमी पर्व को लेकर मानगो क्षेत्र के सभी रामनवमी अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान अखाड़ा समितियों के सदस्यों ने पर्व के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं से मेयर को अवगत कराया।
बैठक में मुख्य रूप से सफाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, पेयजल की उपलब्धता, तथा जुलूस मार्गों की साफ-सफाई और व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। अखाड़ा समितियों ने बताया कि रामनवमी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और युवा जुलूस एवं धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं, इसलिए नगर निगम द्वारा बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।
मेयर सुधा गुप्ता ने सभी प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि नगर निगम की ओर से पूरे मानगो क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, जुलूस मार्गों और मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता होगी वहां पानी के टैंकर की व्यवस्था की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बिजली व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि रामनवमी आस्था और सामाजिक एकता का पर्व है, इसलिए नगर निगम की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
पूर्वमंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि नगर निगम प्रशासन, स्थानीय प्रतिनिधि और अखाड़ा समितियां मिलकर इस पर्व को शांतिपूर्ण, भव्य और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों से भी सहयोग की अपील की ताकि व्यवस्था को बेहतर ढंग से लागू किया जा सके।
बैठक में मौजूद अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने मेयर द्वारा समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित समाधान का आश्वासन देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर त्रिवेदी बाबा अखाडा के नितिन त्रिवेदी, श्रमिक अखाडा समिति के संजय मुखर्जी, महावीर अखाडा, पवन अखाडा, पवन सूत विजय अखाडा, बबुआ सिंह अखाडा, श्री श्री बजरंग अखाडा, बूढा मंडल अखाडा, शिव चरण मुंडा अखाडा, राम लक्ष्मण हनुमान अखाडा, जन उपकार समिति बजरंग अखाडा के प्रतिनिधि के अलावे मस्तान सिंह, डॉ संतोष गुप्ता, समेत सैंकड़ो लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में शिव शंकर समिति अखाडा के अशोक गोप के चित्र पर माल्यार्पण कर और 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।