खरखौदा में चोरों का 'मेगा ऑपरेशन', एक ही रात में 11 किसानों के खेतो से 2450 मीटर केबल व अन्य सामान चोरी।
खरखौदा/सोनीपत/सोमपाल सैनी - 7988804545, 8950236002
*खरखौदा के खेतों में चोरों का तांडव, एक ही रात में 11 किसानों के ट्यूबवेल से करीब 2450 मीटर केबल चोरी।
खरखौदा (सोनीपत): हरियाणा के सोनीपत जिले के अंतर्गत आने वाले थाना खरखौदा के गाँव थाना खुर्द में चोरों ने एक ही रात में भारी तबाही मचाते हुए 11 किसानों के खेतों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने खेतों में बने कोठड़ों के ताले और खिड़कियाँ तोड़कर करीब 2450 मीटर बिजली की केबल (डोरी) और कीमती बिजली उपकरण (ग्रिफ) उड़ा लिए।
इस घटना से क्षेत्र के किसानों में भारी रोष और दहशत का माहौल है। पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में पीड़ित किसान देवेन्द्र पुत्र मामन ने बताया कि यह वारदात 8 और 9 मार्च की दरमियानी रात को हुई। घटना का पता मंगलवार सुबह तब चला जब किसान अपने खेतों में पहुँचे। चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से ड्रेन नंबर 8 के पास स्थित खेतों को निशाना बनाया।
शिकायत के अनुसार, चोरों ने निम्नलिखित किसानों के सामान पर हाथ साफ किया। जिनमे देवेन्द्र पुत्र मामन के खेत से 100 फुट बिजली की केबल चोरी। रेणुका पुत्री पुलकित के कोठड़े का ताला तोड़कर ग्रिफ व 150 फुट केबल चोरी। बैगराज पुत्र हरकेराम के कोठड़े की खिड़की तोड़कर ग्रिफ व 300 फुट केबल चोरी।
दलजीत पुत्र जगदीश, मनोज पुत्र रणधीर, सुरेन्द्र पुत्र राजसिंह व राजबीर पुत्र मामचन्द, इन चारों किसानों के कोठड़ों के ताले तोड़कर प्रत्येक के यहाँ से ग्रिफ व 300-300 फुट केबल चोरी की गई हैं। नफे पुत्र चरण सिंह व अमित पुत्र योगेश इन दोनों के यहाँ से 200-200 फुट केबल चोरी की गई हैं।
जबकि मुकेश पुत्र जयनारायण व भूपेन्द्र पुत्र चन्दराम दोनों के ट्यूबवेल से 150-150 फुट केबल गायब हैं। वारदात के बाद पीड़ित किसानों ने सामूहिक रूप से थाना खरखौदा में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। किसानों का कहना है कि केबल और ग्रिफ चोरी होने से सिंचाई का काम पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे फसलों को नुकसान होने का डर है।
शिकायतकर्ता देवेन्द्र ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द अज्ञात चोरों को पकड़कर चोरी किया गया सामान बरामद किया जाए। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।