निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 192 की हुई नेत्र जाँच, 26 मरीजों के हुए मोतियाबिंद ऑपरेशन।
खरखौदा में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 192 की हुई नेत्र जाँच, जबकि 26 मरीजों के हुए मोतियाबिंद ऑपरेशन।
खरखौदा/सोनीपत/सोमपाल सैनी - 7988804545, 8950236002
खरखौदा: स्थानीय लाला जय नारायण धर्मशाला में गुरुवार को 'ठाकुर जी की रसोई' एवं 'युवा शक्ति क्लब' के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में नेत्र रोगों के अलावा स्त्री रोग, हड्डी रोग, फिजीशियन और न्यूरो थेरेपी जैसी विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं ग्रामीणों को उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के संयोजक नीरज गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि कैंप में कुल 192 मरीजों की आँखों की जाँच की गई। इनमें से 26 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई है, जिनका चयन निःशुल्क ऑपरेशन के लिए किया गया है।
इन सभी मरीजों का ऑपरेशन दिल्ली के शेख सराय स्थित वेणु आई हॉस्पिटल में कराया जाएगा। समिति द्वारा मरीजों के आने-जाने, रहने और भोजन की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी।
शिविर में अपोलो हॉस्पिटल, दिल्ली की विशेषज्ञ टीम ने भी अपनी सेवाएं दीं, जिसका लाभ लगभग 88 मरीजों ने उठाया। इसके अतिरिक्त, राजू कोच द्वारा लगाए गए न्यूरो थेरेपी कैंप में 25 लोगों को शारीरिक दर्द व अन्य समस्याओं से राहत प्रदान की गई।
इस पुण्य कार्य में टीका राम मित्तल, धर्मपाल गर्ग, पवन सिंगला, अमित सिंगला, और ठाकुर जी की रसोई की पूरी टीम सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
संयोजक नीरज गुप्ता ने जानकारी देते हुए ये भी बताया कि इस तरह का शिविर हर महीने के पहले वीरवार को निःशुल्क लगाया जाता हैं।