जमशेदपुर : फर्जी इनवॉइस के जरिए अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप खपाने की साजिश नाकाम, भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार
फर्जी इनवॉइस के जरिए अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप खपाने की साजिश नाकाम, भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त; एक गिरफ्तार
जमशेदपुर (झारखंड)। जमशेदपुर से बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने लाखों की अवैध शराब के साथ वाहन भी किए जब्त जमशेदपुर में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एमजीएम थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फर्जी इनवॉइस के माध्यम से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बाजार में खपाने की साजिश को पुलिस ने विफल करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार 01 मार्च 2026 को गश्ती के दौरान पुलिस टीम जब एनएच-33 से डिमना चौक की ओर जा रही थी, तभी मुखियाडांगा के समीप एक पिकअप वैन (JH05CM 9981) से शराब के कार्टन गिरते हुए देखे गए। कुछ लोग उन कार्टनों को दूसरी टाटा एस गाड़ी (JH05BD 7990) में लोड कर रहे थे। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजीव कुमार रंजन उर्फ रंजन (उम्र करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह फर्जी चालान और इनवॉइस के जरिए अंग्रेजी शराब की अवैध ढुलाई कर बाजार में सप्लाई करता था। जांच के दौरान प्रस्तुत इनवॉइस की वैधता समाप्त पाई गई तथा उस पर अंकित वाहन संख्या और मौके पर मौजूद वाहन की संख्या अलग-अलग पाई गई।
पुलिस ने मौके से विभिन्न ब्रांड की सैकड़ों कार्टन विदेशी शराब जब्त की है, जिनमें स्टर्लिंग रिजर्व, मैकडॉवेल्स, 8 पीएम ब्लैक, मैजिक मोमेंट्स, जेम्सन, आइकोनिक व्हाइट, बैलेंटाइन्स, रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, किंगफिशर, स्टॉक एवं अन्य ब्रांड शामिल हैं। कुल मिलाकर हजारों बोतल शराब बरामद की गई है। साथ ही पिकअप वैन और टाटा एस वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
इस संबंध में एमजीएम थाना कांड संख्या 26/2026 दिनांक 01.03.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं 47 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।