logo

वाराणसी: कचहरी में बम धमाके की धमकी के बाद हाई अलर्ट, जजों के चैंबर की सघन तलाशी

वाराणसी कचहरी परिसर में जजों के चैंबर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार सुबह एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में नजर आईं।
वाराणसी कचहरी में पुलिस ने बम दस्ते और श्वान दस्ते के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कोर्ट परिसर, जजों के चैंबर, आसपास खड़े वाहनों और आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की गई।

जानकारी के मुताबिक, धमकी मिलने के बाद जिला जज ने तत्काल पुलिस अधिकारियों और बार पदाधिकारियों को अवगत कराया था। इसके बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे परिसर में चेकिंग तेज कर दी गई।बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड तैनात, हर कोना खंगाला

सोमवार सुबह पुलिस टीम ने कोर्ट परिसर के कई हिस्सों में सघन तलाशी ली। बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता बुलाकर अदालत के कमरों, गलियारों और पार्किंग एरिया की जांच कराई गई। इस दौरान संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के साथ-साथ लोगों से पूछताछ भी की गई।

कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सेंट्रल बार के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम और महामंत्री आशीष कुमार सिंह की मौजूदगी में अदालत के कमरों की सुरक्षा जांच कराई गई।वकीलों और कर्मचारियों में भय, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

घटना के बाद अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों में डर का माहौल है। बार एसोसिएशन ने इस तरह की धमकियों को बेहद गंभीर बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पदाधिकारियों का कहना है कि न्यायिक परिसर में इस तरह की घटनाएं अस्वीकार्य हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए।

अब नियमित होगी चेकिंग

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पहले भी बम धमकी के बाद परिसर खाली कर जांच कराई गई थी। अब दोबारा सघन तलाशी के साथ यह फैसला लिया गया है कि कचहरी में रूटीन चेकिंग की जाएगी। आने-जाने वाले हर व्यक्ति की पहचान पर नजर रखी जाएगी औरकिसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई होगी।

उत्तर प्रदेश पुलिस का कहना है कि धमकी देने वालों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुराग जुटाए जा रहे हैं।

0
12 views