
उत्तराखंड : जमशेदपुर के विक्रम शर्मा की देहरादून में गोली मारकर हत्या
जमशेदपुर के विक्रम शर्मा की देहरादून में गोली मारकर हत्या
उत्तराखंड । उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह सनसनीखेज वारदात में जमशेदपुर के विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। विक्रम शर्मा दुमका जेल में बंद माफिया डॉन अखिलेश सिंह का गुरु था। घटना शहर के व्यस्त इलाके स्थित सिल्वर सिटी मॉल में हुई, जहां जिम से लौट रहे विक्रम पर दो हमलावरों ने नजदीक से फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 10 बजे की है। विक्रम शर्मा मॉल स्थित जिम से बाहर निकल रहा था, तभी सीढ़ियों के पास घात लगाए दो हमलावर पैदल पहुंचे और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।
देहरादून पुलिस के एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या सुनियोजित प्रतीत होती है। हमलावरों ने बेहद करीब से गोली मारी, जिससे बचाव का कोई मौका नहीं मिला। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बताया जाता है कि विक्रम शर्मा मूल रूप से जमशेदपुर का रहने वाला था और प्रॉपर्टी डीलिंग तथा स्टोन क्रशर संचालन के व्यवसाय से जुड़ा था। सूत्रों के अनुसार उसका नाम दुमका जेल में बंद माफिया डॉन अखिलेश सिंह से भी जुड़ता रहा है। चर्चा है कि विक्रम शर्मा कभी उसका करीबी और गुरु माना जाता था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच की बात कही है।
घटना के बाद मॉल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लोग दहशत में हैं। खास बात यह है कि देहरादून में पिछले 15 दिनों के भीतर यह पांचवीं हत्या है, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या व्यवसायिक विवाद की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। एसटीएफ की टीम भी मामले की तह तक जाने में जुटी है। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने का दावा किया है।